scriptहम देश को आगे बढ़ाने की रणनीति बना रहे हैं, विपक्ष हमें घेरने की: अमित शाह | Modi Government In 3 Years: Amit Shah Counts Development Works And Achievements Of Modi Government | Patrika News

हम देश को आगे बढ़ाने की रणनीति बना रहे हैं, विपक्ष हमें घेरने की: अमित शाह

locationजयपुरPublished: May 26, 2017 06:00:00 pm

Submitted by:

Kamlesh Sharma

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र में पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तीन साल के शासन में परिवारवाद, जातिवाद एवं तुष्टिकरण की राजनीति को उखाड़ फेंकने का दावा करते हुए शुक्रवार को कहा कि विपक्ष उन्हें घेरने की रणनीति बना रहा है और उनकी पार्टी देश को आगे बढ़ाने में जुटी है

Amit Shah

Amit Shah

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र में पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तीन साल के शासन में परिवारवाद, जातिवाद एवं तुष्टिकरण की राजनीति को उखाड़ फेंकने का दावा करते हुए शुक्रवार को कहा कि विपक्ष उन्हें घेरने की रणनीति बना रहा है और उनकी पार्टी देश को आगे बढ़ाने में जुटी है। 
शाह ने सरकार के तीन साल पूरे होने पर उसकी उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए यहां भाजपा के मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि तीन साल के दौरान देश की राजनीति में आमूल चूल परिर्वतन आया है। परिवारवाद, जातिवाद एवं तुष्टिकरण की राजनीति को उखाड़ फेंकने के साथ दुनियाभर में देश का गौरव स्थापित किया गया है जो राजनीति में एक शुभ संकेत है। 
70 साल में काम नहीं हुआ उसे 3 साल के शासन के दौरान पूरा किया

शाह ने कहा कि पिछले 70 साल में विकास के लिए जो काम नहीं हो पाए थे उसे तीन साल के शासन के दौरान पूरा किया गया है। उन्होंने मोदी सरकार को गरीबों, दलितों, पिछडों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं की बताते हुए कहा कि यह पारदर्शी तरीके से और निर्णायक तौर पर काम कर रही है। इसने ‘साथ है विश्वास है, हो रहा विकास है’ का नया नारा दिया है। 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कुल मिला कर विभिन्न वर्गों में सरकार की सराहना होना एक बात है लेकिन सबसे बड़ी बात जनादेश है। 2014 के बाद से सभी चुनावों में भाजपा का जनाधार बढ़ा है और अधिकतर चुनावों में उसे जीत हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव परिणाम मोदी सरकार के प्रदर्शन पर जनता की स्वीकृति का ‘सर्टिफिकेट’ है। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली से दुनियाभर में देश का गौरव बढा है और वह देश के सबसे लोकप्रिय लोकनेता के रूप में उभरे हैं। मोदी ने एक महान भारत के निर्माण की नींव डालने का काम किया है। 
28.51 करोड़ लोगों के जनधन खाते खुल गए

शाह ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 28.51 करोड़ लोगों के जनधन खाते खुल गए हैं। 13 करोड़ लोगों को बीमा मिला है। दो करोड़ से अधिक गरीबों को रसोई गैस कनेक्शन मिल चुका है और पांच करोड़ लोगों को यह कनेक्शन देना है। साढ़े चार करोड़ घरों में शौचालय बने हैं। एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्वत: गैस सब्सिडी छोड़ी है। स्टेंट का मूल्य कम कराया है। 18000 में से 13000 गांवों को विद्युतीकृत कर दिया है। 
हजारों करोड़ का पकड़ा काला धन

उन्होंने कहा कि स्टैंड अप/स्टार्ट अप/मुद्रा ऋण योजनाओं से आठ करोड़ से अधिक लोगों को स्वरोजगार के लिए ऋण मिला है। इंद्रधनुष योजना के तहत देश को कुष्ठ रोग एवं चेचक से पूरी तरह से मुक्त बनाने की योजना है। देश में महंगाई काबू में है। सकल घरेलू उत्पाद की दर 4.4 से बढ़कर 7.2 प्रतिशत हो गई है। विदेशी मुद्रा भंडार में 63 अरब डालर की वृद्धि हुई है। सरकार ने हजारों करोड़ का काला धन पकड़ा है। कृषि की विकास दर 4.8 प्रतिशत तक लाये हैं। अन्न का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है। यूरिया की उपलब्धता और गन्ना किसानों के बकाये का तकरीबन पूरा भुगतान सुनिश्चित किया गया है। 
तृणमूल कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं पर भ्रष्टाचार के मामलों में बदले की भावना से कार्रवाई किए जाने के आरोपों का उल्लेख करने पर शाह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मूल बात यह है कि एक हजार करोड़ रुपए की संपत्ति पकड़ी गई है। क्या यह सही नहीं है। विपक्षी नेता सब प्रकार के आरोप लगा रहे हैं लेकिन क्या उन्होंने एक बार भी कहा कि एक हजार करोड़ रुपए की संपत्ति उनकी नहीं है। इसी प्रकार से नारद स्टिंग ऑपरेशन में पूरी दुनिया ने उनके नेताओं को अद्र्धनग्न हालत में भी पैसे लेता देखा है। 
उन्होंने पलट कर सवाल किया कि क्या लोग चाहते हैं कि सरकार कोई कार्रवाई न करे? भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों की टीका टिप्पणियों के बारे में कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष हमें घेरने की रणनीति बना रहा है और हम देश को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो