scriptआखिरकार नशे के खिलाफ जागी पुलिस, रेस्टोरेंट व कैफे पर की कार्रवाई | police raid on hookah bar and cafe in jaipur | Patrika News

आखिरकार नशे के खिलाफ जागी पुलिस, रेस्टोरेंट व कैफे पर की कार्रवाई

locationजयपुरPublished: Feb 12, 2019 11:16:27 am

Submitted by:

Mridula Sharma

3 गिरफ्तार

police raid

आखिरकार नशे के खिलाफ जागी पुलिस, रेस्टोरेंट व कैफे पर की कार्रवाई

जयपुर. पुलिस आखिरकार जागी है। उसने सोमवार को कई जगह दबिश देकर रेस्टोरेंट व कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का बारों पर कार्रवाई की। हालांकि राजस्थान पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद हुक्का बार संचालक सतर्क हो गए और संबंधित सामग्री हटा दी। ऐसे में कई जगह हुक्का बार खाली नजर आए। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध रेस्टोरेंट, कैफे व थडिय़ों पर नजर रखी और लगभग 12 जगह छापे मारे। इनमें से केवल 2 जगह पुलिस को हुक्का और फ्लेवर मिले। पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर, शहर में थडिय़ों पर मिलने वाले मादक पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
एक जगह साफ, दूसरी जगह जब्त
मालवीयनगर में गिरधर मार्ग स्थित ड्रंच कैफे में दोपहर 2.55 बजे जवाहर सर्कल थाना पुलिस ने दबिश दी। वहां हुक्का और सामग्रियां पहले से हटा दी गई थी। कैफे संचालक वरुण आहूजा व वत्सल सोनी ने पुलिस को बताया वे पहले हुक्का बार चलाते थे पर कुछ दिन से बंद कर दिया। गिरधर मार्ग पर ही पॉलीवुड कैफे खुला मिला पर वहां न तो संचालक था, न स्टाफ। कैफे में हुक्के और फ्लेवर के पैकेट मिले। पुलिस ने 3 हुक्के, 5 फ्लेवर पैकेट, 4 चिलम और 5 हुक्का पाइप जब्त किए। कैफे संचालक नाजम सिंह को गिरफ्तार किया गया।
यहां बिना कार्रवाई लौटी
डब्ल्यूटीपी के पीछे महालक्ष्मी नगर में बेसमेंट स्थित क्विश कैफे में पुलिस पहुंची तो टेबल पर हुक्का मिला। इसके बावजूद पुलिस ने हुक्के के बारे में कोई जानकारी नहीं ली। हालांकि कर्मचारी ने पुलिस ने कहा कि हुक्का चलता है लेकिन कुछ दिन से धंधा मंदा चल रहा है। इसके बावजूद पुलिस लौट गई। पुलिस का तर्क था कि कैफे संचालक ग्राहकों को हुक्का पिला रहा होता तो कार्रवाई करते।
मालिक-मैनेजर गिरफ्तार
जवाहरनगर थाना पुलिस ने टी-कनेक्ट पर कार्रवाई कर कैफे मालिक ब्रह्मपुरी निवासी सुनील कुमार और मैनेजर डेगाना निवासी नरसिंह किलक को गिरफ्तार किया। उनसे 2 हुक्के, 5 फ्लेवर बरामद किए। जवाहरनगर टीला नंबर एक से गांजा बेचते छीतरमल खटीक को गिरफ्तार किया गया।
थड़ी पर कार्रवाई
आदर्शनगर थाना पुलिस ने गोविंद मार्ग स्थित शिव पान भंडार के मालिक रूपचंद मीरचंदानी को गिरफ्तार किया। 15 पैकेट हुक्का फ्लेवर, 4 चिलम बरामद की।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो