scriptविधानसभा उपचुनावः सीटें बरकरार रखना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती, दिग्गजों की साख दांव पर | Prestige of veteran Congress leaders at stake in Assembly by-election | Patrika News

विधानसभा उपचुनावः सीटें बरकरार रखना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती, दिग्गजों की साख दांव पर

locationजयपुरPublished: Apr 01, 2021 10:54:11 am

Submitted by:

firoz shaifi

-राजसमंद , सहाड़ा और सुजानगढ़ में दिग्गजों ने डेरा डाला, -गोविंद सिंह डोटासरा, रघु शर्मा, उदयलाल आंजना, भंवर सिंह भाटी जैसे के हाथों में चुनावी कमान

congress

congress

फिरोज सैफी/जयपुर।

प्रदेश की तीन सीटों पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है, इसकी एक वजह ये भी है कि तीन में से दो सीटें सुजानगढ़ और सहाड़ा पर कांग्रेस का कब्जा था, ऐसे में दोनों सीटों पर कब्जा बरकरार रखना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती है। इन उपचुनावों में कांग्रेस की दिग्गजों की साख भी दांव पर लगी हुई है।

सुजानगढ़ और सहाड़ा सीटों को कांग्रेस किसी भी कीमत पर खोना नहीं चाहती, यही वजह है कि कांग्रेस ने पूरी ताकत लगाते हुए दिग्गज नेताओं की फौज चुनाव में उतार दी है। सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र की कमान चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा, सुजानगढ़ की जिम्मेदारी मंत्री भंवर सिंह भाटी और राजसमंद की कमान मंत्री उदयलाल आंजना के हाथों में हैं।

सहाड़ा विधावनसभा क्षेत्र में इन नेताओं की साख दांव पर
सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रभारी बनाए गए चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा, पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा, धर्मेंद्र सिंह राठौड़ , रामसिंह कस्वा की साख भी जुड़ी है।इसके अलावा भीलवाड़ा से लोकसभा चुनाव लड़ चुके खेल मंत्री अशोक चांदना की साख यहां दांव पर है। इसके अलावा भीलवाड़ा कद्दावर नेता विधायक रामलाल जाट , रामपाल शर्मा, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर की साख भी यहां दांव पर लगी है।

राजसमंद विधानसभा क्षेत्र में इन नेताओं की साख दांव पर
राजसमंद विधानसभा सीट पर पार्टी को चार बार से लगातार यहां हार का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि इस बार निकाय चुनाव में कांग्रेस का बोर्ड बनने से कांग्रेस की यहां उम्मीदें जगी हैं। राजसमंद चुनाव की कमान यहां मंत्री उदयलाल आंजना के हाथों में हैं। इसके अलावा मंत्री प्रमोद जैन भाया और संगठन प्रभारी के नाते पुष्पेंद्र भारद्वाज, आशीष परेवा और मुकेश वर्मा की साख दांव पर है। राजसमंद जिले के प्रमुख नेताओं में सबसे बड़ा नाम विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी का हैं।

हालांकि सीपी जोशी वैधानिक पद पर हैं और राजनीतिक भूमिका नहीं निभा सकते लेकिन उनके गृह जिले की अहम सीट पर होने वाले चुनाव में सीपी फैक्टर से इनकार नहीं किया जा सकता हैं।सहाड़ा और राजसमंद दोनों जगह पर गुर्जर समाज के वोट अपनी ताकत रखते हैं लिहाजा सचिन पायलट फैक्टर यहां अहम रोल निभा सकता है।


सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में इन नेताओं की साख दांव पर
सुजानगढ़ सीट से कांग्रेस को सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं, यहीं वजह है कि पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने खुद यहां की कमान अपने हाथों में ली है। डोटासरा के स्व जातीय वोट भी यहां बड़ी संख्या है। साथ ही डोटासरा का निर्वाचन क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ भी सुजानगढ़ से सटा है। ऐसे में डोटासरा की साख भी यहां दांव पर है। डोटासरा के साथ प्रभारी मंत्री भंवर सिंह भाटी, मंगलाराम गोदारा, डूंगरराम गेदर और नोरंग वर्मा की साख भी जुड़ी है।

सुजानगढ़ उपचुनाव से चूरु जिले के कद्दावर नेता तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया, राजगढ़ विधायक कृष्णा पूनिया, कांग्रेस नेता रफीक मंडेलिया ,पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ,पूसाराम गोदारा और भंवरलाल पुजारी, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रेहाना रियाज की साख दांव पर लगी है। चूरू जिले के तमाम दिग्गजों ने सुजानगढ़ में डेरा डाल रखा है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो