जयपुर

प्रिंस हैरी ने छोड़ा राजपरिवार, बनेंगे आर्थिक रूप से स्वतंत्र

ब्रिटेन में हलचल : सकते में शाही सदस्य, हैरी और उनकी पत्नी मेघन के फैसले से निराश

जयपुरJan 10, 2020 / 01:45 am

Vijayendra

प्रिंस हैरी ने छोड़ा राजपरिवार, बनेंगे आर्थिक रूप से स्वतंत्र

लंदन. प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन की राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य की भूमिका से खुद को अलग करने की घोषणा से ब्रिटेन का राज परिवार सकते में आ गया है। ब्रिटिश महारानी एलिजबेथ के पोते प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी का कहना है कि दोनों अब खुद को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाएंगे। ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स ने एक बयान जारी कर कहा कि वे दोनों अब ब्रिटेन और उत्तरी अमरीका में अपना समय व्यतीत करेंगे।
ब्रिटिश मीडिया में आई खबरों के अनुसार, दोनों ने इस घोषणा से पहले शाही परिवार के किसी और सदस्य से कोई सलाह मशविरा नहीं किया था। हैरी और मेगन का एक बच्चा आर्ची भी है। इस जोड़े का कहना है कि वो शाही परिवार में एक ‘प्रगतिशील और नई भूमिका’ बनाना चाहते हैं। दोनों का कहना है कि वे अपने फैसले पर महीनों बातचीत और विचार-विमर्श के बाद पहुंचे हैं। शाही गद्दी की कतार में प्रिंस हैरी छठे स्थान पर हैं। इससे पहले प्रिंस चाल्र्स, प्रिंस विलियम और उनके तीन बच्चे हैं।
हमेशा मीडिया का फोकस भी एक वजह
प्रिंस हैरी और मेघन के इस फैसले का संकेत पिछले साल अक्टूबर में उस वक्त ही मिल गया था, जब एक टीवी डॉक्युमेंट्री में मेगन ने कबूला था कि शाही जीवन उनके लिए ‘मुश्किल’ रहा है। उन्होंने हर वक्त मीडिया की पैनी नजरों में रहने की तैयारी नहीं की थी। अमरीकी मूल की मेगन ने यह भी बताया था उनके ब्रिटिश दोस्तों ने उन्हें चेताया था कि अखबार उनकी जिंदगी तबाह कर सकते हैं।
लोग पूछ रहे कौन देगा सुरक्षा और खर्च
शादी जोड़े के फैसले पर ब्रिटेन में तमाम लोग सवाल उठा रहे हैं। हैरी कोई गरीब व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन दो अलग-अलग देशों में खुद को सेट करना, परिवार की देख भाल करना और अपना काम भी करते रहना, लेकिन इन सबके लिए पैसे कहां से आएंगे। राजघराने के पूर्व प्रेस अधिकारी डिक्की आर्बिटर ने सवाल खड़े किए हैं कि आखिर शाही जोड़े को सुरक्षा कौन देगा और उसका खर्चा कौन उठाएगा।
एडवर्ड-8 ने भी छोड़ दी थी गद्दी
लोग प्रिंस हैरी के इस फैसले की तुलना 1936 में एडवर्ड-8 के उस कदम से कर रहे हैं, जब उन्होंने दो बार तलाकशुदा वैलिस सिंपसन से शादी करने के लिए शाही गद्दी छोड़ दी थी।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.