script

मोदी पर टिप्पणी से भड़की भाजपा, पूनियां बोले पुरखों का इतिहास भूल गए राहुल गांधी

locationजयपुरPublished: Feb 13, 2021 06:46:23 pm

Submitted by:

Umesh Sharma

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने पलटवार किया है। पूनियां ने कहा कि राहुल शायद अपने पुरखों का इतिहास भूल गए जब भारत को अपना एक बड़ा भू-भाग चीन को देना पड़ा था।

मोदी पर टिप्पणी से भड़की भाजपा, पूनियां बोले पुरखों का इतिहास भूल गए राहुल गांधी

मोदी पर टिप्पणी से भड़की भाजपा, पूनियां बोले पुरखों का इतिहास भूल गए राहुल गांधी

जयपुर।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने पलटवार किया है। पूनियां ने कहा कि राहुल शायद अपने पुरखों का इतिहास भूल गए जब भारत को अपना एक बड़ा भू-भाग चीन को देना पड़ा था।
पूनियां ने पत्रकार वार्ता में कहा कि राहुल शायद यह भूल गए कि जवाहर लाल नेहरू ने ही हिंदी-चीनी भाई-भाई का नारा दिया था। मगर चीन ने धोखा देकर भारत पर आक्रमण किया। हमारी सेना बड़ी बहादुरी से लड़ी, लेकिन राजनीतिक इच्छा शक्ति की कमी के वजह से देश को एक बड़ा भू-भाग खोना पड़ा। ऐसे में राहुल ने प्रधानमंत्री के खिलाफ जो भाषा का उपयोग किया है उस मामले में उन्हे माफी मांगनी चाहिए। पूनियां ने राहुल गांधी भाजपा का स्टार प्रचारक बताते हुए कहा कि जहां-जहां वो जाते हैं भाजपा के लिए सहुलियत पैदा करते हैं। इस बार लोगों को भी उनके दौरे का बेसब्री से इंतजार था। उम्मीद थी कि कुछ अच्छा मनोरंजन होगा, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। साथ ही किसानों को उम्मीद थी कि इस बार राहुल गांधी एक से लेकर 10 तक गिनती गाकर किसानों का कर्जा माफ करेंगे, लेकिन वह भी नहीं हुआ। पूनियां ने कहा कि राहुल गांधी पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करते हैं और ट्विटर के माध्यम से सियासत करते रहते हैं।
रैली में न दिल मिला न नजरें, अलबत्ता खाट टूट गई

पूनियां ने रैली में खाट टूटने को कांग्रेस की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि रैली में ना दिल मिला ना नजरें, अलबत्ता खाट टूट गई। अपशकुन हो गया। उन्होंने कहा कि कोई कांग्रेस की खाट तोड़ने में लगा है और कोई खाट खड़ी करने में लगा है। रैली में भीड़ नहीं जुटने के मामले में पूनियां ने कहा कि जो आए वो नरैगा मजदूर, आंगनबाड़ी के कार्यकर्ता थे। कुल मिलाकर जुगाड़ की सभा थी।
एक दो तीन गाने की तरह रटाया था, मगर…

पूनियां ने कहा कि 2018 में किसानों की कर्जमाफी को राहुल गांधी ने तेजाब फिल्म में माधुरी दीक्षित के एक दो तीन गाने की तरह रटाया था, लेकिन उनका जुमला क्या हुआ तेरा वादा की तर्ज पर रह गया। उनका यह दौरा फ्लॉप साबित हुआ। जनता के लिए कोई घोषणा उन्होंने नहीं की।

ट्रेंडिंग वीडियो