जयपुर

मतदान से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, न्याय योजना के पात्र लोगों तक पहुंचेगी राहुल की चिट्ठी

कांग्रेस ने 52 हजार शक्ति कार्यकर्ताओं की लगाई ड्यूटी, 72 हजार रुपए सालाना आय से कम आय वाले लोगों का खाका तैयार करेंगे कार्यकर्ता

जयपुरApr 20, 2019 / 02:18 pm

firoz shaifi

congress

फिरोज सैफी/जयपुर।
प्रदेश में दो चरणों में होने वाले मतदान से पहले कांग्रेस ने एक बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस ने राहुल गांधी के मिशन न्याय योजना का जमकर प्रचार प्रसार के साथ ही अब न्याय योजना के पात्र लोगों तक भी पहुंचना शुरू कर दिया है। इसके लिए कांग्रेस ने प्रदेश के अपने 52 हजार बूथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी है कि वे 72 हजार रुपए सालाना से कम आय वाले लोगों का खाका तैयार कर उन तक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का संदेश पहुंचाएं कि अगर कांग्रेस सत्ता में आएगी तो उन्हें 72 हजार रुपए सालाना उनके खाते में आएंगे।
बताया जाता है कि कांग्रेस के बूथ कार्यकर्ता प्रदेश में पहले और दूसरे चरण के मतदान से पहले पात्र लोगों का खाका तैयार उन तक पहुंच जाएंगे। इस काम में डाटा एनालिसिस विंग और रिसर्च विंग शक्ति प्रोजेक्ट से जुड़े 52 हजार कार्यकर्ताओं की मदद कर रही है। कांग्रेस नेताओं की माने तो पहले चरण में 27 अप्रेल और दूसरे चरण में चार मई तक पात्र लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया है।
ऐसे में पहले चरण का थमने में सात और दूसरे चरण का प्रचार थमने में 14 दिन का समय यानी कुल 21 दिन का ही समय कार्यकर्ताओं के पास है। नेताओं का मानना है कि आबादी के लिहाज से प्रदेश में 22 लाख मतदाता ऐसे हैं जो इस न्याय योजना के तहत पात्र हो सकते हैं।

पहुंचेगी राहुल गांधी की चिट्ठी
सूत्रों के मुताबिक शक्ति प्रोजेक्ट से जुड़े 52 हजार बूथ कार्यकर्ता अपने-अपने इलाकों में जाकर न्याय योजना के पात्र लोगों तक पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का लिखित संदेश देंगे कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें इस योजना का लाभ दिया जाएगा। बताया जाता है कि कांग्रेस बूथ कार्यकर्ता एक दिन में कितने पात्र लोगों तक पहुंचा है कि इसकी जानकारी पार्टी नेताओं को घर-घर एप के जरिए मिल जाएगी। बता दें कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए न्याय योजना का वादा किया है, इसके तहत देश भर के पांच करोड़ लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
 

इनका कहना है

हां न्याय योजना के पात्र लोगों तक राहुल गांधी का संदेश पहुंचाने के लिए 52 हजार बूथ कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई है। दूसरे चरण के मतदान से पहले 4 मई तक पात्र लोगों तक पहुंचने का टारगेट हैं।
महेश शर्मा, संगठन महामंत्री, प्रदेश कांग्रेस
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.