राहुल गांधी को मनाने आज जुटेंगे कांग्रेसी मुख्यमंत्री, कांग्रेस शासित राज्यों में मिली हार पर भी होगा मंथन
शाम पांच बजे राहुल के तुगलक लेन रोड आवास पर होगी बैठक , मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी रहेंगे मौजूद, कांग्रेस शासित राज्यों में मिली हार पर होगा मंथन
जयपुर।
लोकसभा चुनाव में हुई हार के बाद अपने पद से इस्तीफा देने के बाद आज राहुल गांधी पहली बार कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से साथ बैठक करेंगे। बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी भी शामिल होंगे।
बताया जाता है कि राहुल गांधी के तुगलक लेन रोड स्थित आवास पर शाम पांच बजे से आयोजित होगी। कांग्रेस पार्टी के जानकार सूत्रों की माने तो कई राज्यों में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद वहां लोकसभा चुनाव में पार्टी के बुरे प्रदर्शन से राहुल गांधी खासे नाराज हैं, पंजाब को छोड़कर सभी कांग्रेस शासित राज्यों में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था।
कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर राहुल गांधी सरकार होने के बावजूद इन राज्यों में मिली हार के कारणों को लेकर मंथन करेंगे। साथ ही हिन्दी भाषी राज्यों में मजबूत संगठन होने के बावजूद पिछड़ने की क्या वजह रही, इस पर चर्चा करेंगे। वहीं चर्चा यह भी है कि बैठक में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री राहुल गांधी से उनके पद पर बने रहने के लिए उनकी मनुहार भी करेंगे।
इधर राहुल गांधी के साथ आज शाम होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार शाम ही छबड़ा से दिल्ली पहुंच गए थे। वहीं डिप्टी सीएम सचिन पायलट पिछले चार दिनों से दिल्ली में ही मौजूद हैं।
राहुल के उलाहना के बाद इस्तीफों की झड़ी
वहीं दूसरी ओर युवा कांग्रेस के डेलीगेशन से मुलाकात के दौरान हार को लेकर बड़ों नेताओं की ओर से हार की जिम्मेदारी लेते इस्तीफा नहीं देने पर राहुल गांधी के उलाहने के बाद कांग्रेस में इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस में अब तक 120 से ज्यादा नेता अपने अपने पदों से इस्तीफा दे चुके हैं। किसान कांग्रेस ने अपनी प्रदेश इकाइयां भंग कर दी है।
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और राजस्थान के सह प्रभारी तरुण कुमार ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस के सचिव जसवंत गुर्जर ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जाता है कि आज या कल कई नेताओं और पदाधिकारियों कै भी इस्तीफे हो सकते हैं।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज