scriptRajasthan assembly election 2023 Wives asking votes for husbands | घर-घर दस्तक...कहीं पैर छूकर तो कहीं गले मिलकर, एक ही बात... वाको ध्यान राख्ज ज्यो | Patrika News

घर-घर दस्तक...कहीं पैर छूकर तो कहीं गले मिलकर, एक ही बात... वाको ध्यान राख्ज ज्यो

locationजयपुरPublished: Nov 20, 2023 12:32:40 pm

Submitted by:

Ashwani Kumar

आधी आबादी की मेहनत पूरी : शहर की 10 विधानसभा सीटों के कुल मतदाताओं में 48 फीसदी हैं महिला वोटर्स

 

 

 

 

 

 

घर-घर दस्तक...कहीं पैर छूकर तो कहीं गले मिलकर, एक ही बात... वाको ध्यान राख्ज ज्यो
घर-घर दस्तक...कहीं पैर छूकर तो कहीं गले मिलकर, एक ही बात... वाको ध्यान राख्ज ज्यो

विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशियों की पत्नियां भी आठ से दस घंटे चुनावी मैदान में उतरकर पति के लिए वोट मांग रही हैं। इसके लिए अपनी टोली बनाई हैं। काकी मिलती हैं तो पैर छूकर जीत का आशीर्वाद मांगती हैं और जब कोई हम उम्र महिला दिखती हैं तो स्नेह से मिलती हैं। पार्टी की रीति-नीति समझाती हैं और पति के लिए वोट मांगती हैं। जब भूख लगती है तो पार्टी कार्यकर्ता या किसी मिलने वाले के यहां चाय-नाश्ता होता है। रात का खाना ज्यादातर घर पर ही होता है।

इन महिलाओं का प्रचार का तरीका प्रत्याशियों की तरह ही है। बस, फोकस महिला मतदाताओं पर रहता है। बातचीत के दौरान ईवीएम में कितने नम्बर पर पर वोट देना है और चुनाव चिन्ह के बारे में बताना नहीं भूलतीं। कुछ प्रत्याशियों की पत्नियों के अलावा पुत्रवधु भी चुनावी मैदान में अपने ससुर के लिए वोट मांगती हुई नजर आ रही हैं।

दरअसल, राजधानी की दस विधानसभा सीटों पर 28.78 लाख मतदाता हैं। इसमें से 13.80 लाख महिला मतदाता है। यह संख्या कुल वोटर्स की 48 फीसदी है। ऐसे में आधी आबादी से रिझाने और जन सम्पर्क करने के लिए महिलाएं मैदान में उतरी हैं।

टोली में महिला पार्षद और संगठन की महिलाएं
-प्रत्याशियों की पत्नियों की टोलियों में 15 से 20 महिलाएं शामिल रहती हैं। इसके अलावा पार्टी महिला संगठन की पदाधिकारी साथ रहती हैं। कई महिला पार्षद भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहीं हैं।

सक्रियता ऐसी कि...
झोटवाड़ा से भाजपा प्रत्याशी राज्यवर्धन सिंह की पत्नी डॉ. गायत्री राठौड़ वोट मांगने के दौरान अपना परिचय पति के नाम के साथ देती हैं। आमेर से भाजपा प्रत्याशी सतीश पूनिया की पत्नी मोहिनी पूनिया सुबह 10 बजे तक घर का काम करती हैं और उसके बाद सहेली के साथ रवाना होती हैं। सिविल लाइंस से कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह की पत्नी नीरज कंवर सुबह घर का काम करने के बाद दोपहर एक बजे पति के लिए वोट मांगने निकलती हैं।
सांगानेर से कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र भारद्वाज की पत्नी कल्पना पांच साल में पति ने क्षेत्र में कराए विकास कार्यों को बता रही हैं। सांगानेर से प्रत्याशी भजनलाल शर्मा की पत्नी गीता शर्मा, सिविल लाइंस से गोपाल शर्मा की पत्नी संतोष शर्मा, मालवीय नगर से प्रत्याशी कालीचरण सराफ की पत्नी अलका, बगरू से भाजपा प्रत्याशी कैलाश वर्मा की पत्नी सीता, आदर्श नगर से भाजपा प्रत्याशी रवि नैय्यर की पत्नी दुर्वा और आदर्श नगर से कांग्रेस प्रत्याशी रफीक खान की पत्नी मंजू देवी भी लगातार प्रचार कर रही हैं।

खास बातें
- दिनभर आठ से 10 घंटे फील्ड में रहती हैं।- कार्यालय में एक से दो घंटे तक समय देती हैं।
- स्थानीय महिलाओं की टोली मिलती है और फिर एक-एक घर जाकर पार्टी और प्रत्याशी के लिए वोट मांगती हैं।
-रात आठ बजे तक सिलसिला चलता है।
- पिछले पांच वर्ष में कराए विकास कार्यों के आधार पर वोट मांगती हैं।- कुछ जगह सभाएं भी कर रही हैं।
- सुख दु:ख में साथ रहने का वादा भी वे कर रही हैं।

यहां महिला प्रत्याशी ही मैदान में
-मालवीय नगर: अर्चना शर्मा, कांग्रेस
-विद्याधर नगर: दिया कुमारी, भाजपा
-बगरू: गंगा देवी, कांग्रेस

Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.