इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया और नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। दोनों नेताओं ने पार्टी की स्थापना में नेताओं और कार्यकर्ताओं की भूमिका और प्रयास का ज़िक्र किया। साथ ही एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने लेने का भी आह्वान किया।
नेताओं ने पहनी नई 'भगवा' टोपी
स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के सिर पर नई 'भगवा' टोपी आकर्षण का केंद्र रही। अब यही केसरिया टोपी भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान होगी। इस नई टोपी के डिजाइन में ब्रह्म कमल का फूल है जिसे उत्तराखंड से लिया गया है। इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में और पिछले महीने अहमदाबाद में रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये टोपी पहनी थी।
पार्टी नेता बताते हैं कि ये केसरिया टोपी भारतीय जनता पार्टी और उसकी विचारधारा से जुड़ी हुई है। आजादी से पहले आरएसएस के कार्यकर्ता केसरिया रंग की टोपी पहना करते थे। उसी टोपी को अब भाजपा ने अपनी पहचान बनाई है। पार्टी ने केसरिया टोपी में कमल का फूल लगाकर आधिकारिक तौर पर इस टोपी को अपनी पार्टी की पहचान घोषित कर दिया है।
जगह-जगह निकाली जा रही शोभायात्रा
स्थापना दिवस के मौके पर आज प्रदेश भर में कई आयोजन हो रहे हैं। प्रदेश नेतृत्व की ओर से जारी निर्देश के अनुसार सभी ज़िलों में शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। ऐसी ही एक शोभायात्रा को जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय से प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने रवाना किया।
कार्यकर्ताओं ने सुना पीएम मोदी का उद्बोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह 10 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस प्रसारण को पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज़िलों और शक्ति केंद्रों में की गई विशेष व्यवस्था के बीच एकजुट होकर देखा।