scriptराजस्थान: गुटबाजी की अटकलों के बीच एकजुटता का संदेश देगा BJP कोर ग्रुप, जयपुर में लगा ‘दिग्गज’ का जमावड़ा | rajasthan bjp core group meeting in jaipur, latest news updates | Patrika News

राजस्थान: गुटबाजी की अटकलों के बीच एकजुटता का संदेश देगा BJP कोर ग्रुप, जयपुर में लगा ‘दिग्गज’ का जमावड़ा

locationजयपुरPublished: Jan 24, 2021 08:19:42 am

Submitted by:

Nakul Devarshi

Rajasthan BJP Core Group Meeting : प्रदेश भाजपा ‘‘कोर कमेटी’’ की पहली बैठक आज, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी भारती शियाल पहुंचे जयपुर, शाम 4 बजे जुटेगा कोर ग्रुप, संगठनात्मक मंथन कर बनेगी रणनीति, कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है बैठक, पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश देने की रहेगी कोशिश, निकाय-उपचुनाव के साथ ही विधानसभा सत्र के विषयों पर रहेगा फोकस, प्रदेश में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने पर बनेगी ‘योजना’
 

arun singh rajasthan jaipur

प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह के जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार स्वागत किया

जयपुर।

प्रदेश भाजपा में एकजुटता का संदेश देने और राज्य सरकार के खिलाफ आगामी रणनीति बनाकर अपने पक्ष में माहौल बनाने के मकसद से पार्टी के तमाम दिग्गज आज जयपुर में जुट रहे हैं। वरिष्ठतम नेताओं की मौजूदगी वाली इस कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक दोपहर 4 बजे जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय में बुलाई गई है। बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और सह प्रभारी भारती शियाल कल देर शाम ही जयपुर पहुंच गए, जबकि अन्य नेताओं का भी जयपुर पहुँचने का सिलसिला जारी है।


एयरपोर्ट पर ज़ोरदार स्वागत
कोर ग्रुप में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और सह प्रभारी भारती शियाल का जयपुर एयरपोर्ट पहुँचने पर ज़ोरदार स्वागत किया गया। अलग-अलग फ्लैट्स से पहुंचे दोनों नेताओं का जयपुर शहर भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भारती शियाल सह-प्रभारी नियुक्त होने के बाद पहली बार प्रदेश भाजपा की किसी संगठनात्मक बैठक के लिए जयपुर पहुंची हैं।

 

कई मायनों में महत्वपूर्ण है बैठक
कोर ग्रुप की पहली बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दरअसल, प्रदेश में निकाय चुनाव की सरगर्मियां ज़ोरों पर हैं। वहीं इसके बाद चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होने हैं। दोनों ही चुनावों में पार्टी अपना पूरा दमखम लगा रही है। इसी तरह से विधानसभा सत्र को लेकर भी काउंटडाउन शुरू हो गया है, जिसमें पार्टी सत्तापक्ष को घेरने की कोशिशों में रहेगी।

 

इन सभी मसलों से महत्वपूर्ण है पार्टी में एकजुटता का संदेश देना। दरअसल, बैठक से पहले अंदरूनी गुटबाजी की अटकलें भी सार्वजनिक रूप से निकलकर सामने आई हैं, जिसकी शिकायतें राष्ट्रीय नेतृत्व तक भी पहुंची। ख़ास तौर से प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समर्थकों के अपने-अपने नेता के चहरे पर गुटों में बंटने की खबरें भी आलाकमान तक पहुंची। बताया जा रहा है कि इन्हीं आतंरिक गतिविधियों के बाद इस कोर ग्रुप का गठन किया गया है जिससे सभी नेता एकजुट हो सकें।

 

पहले प्रेसवार्ता, फिर बैठकें
प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान सबसे पहले दोपहर 12 बजे प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1 बजे प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. भारती शियाल, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, मदन दिलावर, सुशील कटारा, दीया कुमारी उपस्थित रहेंगी।

 

इन ‘दिग्गजों’ का रहेगा जमावड़ा
कोर कमेटी की बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे, राज्यसभा सांसद ओमप्रकाश माथुर, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चैधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत, कनकमल कटारा, सी.पी. जोशी की मौजूदगी रहेगी।

 

इनके अलावा विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर प्रभारी अरूण सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, प्रदेश सह-प्रभारी भारती शियाल, राष्ट्रीय मंत्री डॉ अलका सिंह गुर्जर शामिल होंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो