scriptRajasthan BJP: दूसरी बार आज जुटेगा कोर ग्रुप, वसुंधरा राजे की भी रहेगी मौजूदगी, जानें क्या रहेगा ख़ास? | Rajasthan BJP Core Group Meeting in Jaipur, Vasundhara to attend | Patrika News

Rajasthan BJP: दूसरी बार आज जुटेगा कोर ग्रुप, वसुंधरा राजे की भी रहेगी मौजूदगी, जानें क्या रहेगा ख़ास?

locationजयपुरPublished: Feb 23, 2021 11:43:44 am

Submitted by:

Nakul Devarshi

प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की आज शाम 4 बजे जयपुर में होगी बैठक, प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया की अध्यक्षता में होगी कोर ग्रुप की दूसरी बैठक, पहली बैठक में अनुपस्थित रहीं राजे भी इस बार रहेंगी उपस्थित, मोदी-नड्डा के ‘गुरु मंत्र’ के बाद कई मायनों से महत्वपूर्ण मानी जा रही बैठक, उपचुनाव रणनीति और किसान आंदोलन से निपटने को लेकर हो सकती है चर्चा

Rajasthan BJP Core Group Meeting in Jaipur, Vasundhara to attend
जयपुर।

प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप की दूसरी बैठक आज शाम 4 बजे जयपुर स्थित पार्टी मुख्यालय पर होने जा रही है। प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित सभी कोर ग्रुप सदस्यों की मौजूदगी रहने की संभावना जताई जा रही है।
कई मायनों में महत्वपूर्ण है बैठक
जयपुर में दूसरी बार जुट रहे कोर ग्रुप के सामने इस बार चर्चा करने के लिए कई मुद्दे हैं। दरअसल, एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई दिल्ली में संपन्न हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में कई दिशा-निर्देश दिए हैं। दिल्ली की बैठक में प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप में शामिल प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, बतौर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद रहे थे।
ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार की कोर ग्रुप बैठक में मोदी और नड्डा की नसीहतों को अमल में लाने की ख़ासत्तौर से चर्चा हो सकती है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों को देश हित में जुड़े सेवा कार्यों को गति देने और संगठन का विस्तार करने के निर्देश दिए हैं।
इन मुद्दों पर भी चर्चा संभावित
कोर ग्रुप में शामिल वरिष्ठ नेता राज्य सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति पर भी मंथन करेंगे। वहीं प्रदेश में आगामी दिनों में चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों को लेकर भी मंथन हो सकता है। बैठक के दौरान उपचुनाव क्षेत्रों की ज़मीनी हकीकत और प्रत्याशी चयन की कवायद पर फीडबैक लेकर आगामी रणनीति बनाने पर फोकस रह सकता है।
इसी तरह से प्रदेश में गरमाए किसान आन्दोलन से निपटने के लिए भाजपा की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा संभावित है। बताया जा रहा है कि कोर ग्रुप की बैठक का ‘निष्कर्ष’ एक रिपोर्ट के माध्यम से केंद्रीय नेतृत्व को भी भेजा जाएगा।

वसुंधरा राजे भी रहेगी मौजूद
प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की आज होने जा रही बैठक से पहले एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे चर्चाओं में है। पहली कोर ग्रुप बैठक में अनुपस्थित रहीं राजे आज हो रही बैठक में शामिल होंगी। इसके लिए वे दिल्ली से जयपुर आ रही हैं। दरअसल राजे अपनी पुत्रवधू निहारिका के स्वास्थ्य कारणों के चलते कोर ग्रुप की पहली और महत्वपूर्ण बैठक में शामिल नहीं हो सकीं थीं। लेकिन अब जब निहारिका को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है, ऐसे में वे अब आज की बैठक में भी शामिल होंगी और कल विधानसभा में पेश होने जा रहे बजट के दौरान भी सदन में उपस्थित रहेंगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो