इसी क्रम में आज प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राजधानी जयपुर की सडकों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। सिविल लाइंस क्षेत्र में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गहलोत सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की और सांकेतिक पुतला दहन कर आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने इस प्रदर्शन के ज़रिये आरोपी मंत्री पुत्र रोहित जोशी की गिरफ्तारी, मंत्री महेश जोशी के इस्तीफे और पीड़िता को सुरक्षा मुहैय्या करवाने की मांग की।
अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेशाध्यक्ष सादिक खान ने कहा कि मंत्री पुत्र पर रेप की एफआईआर दर्ज होने के बाद मंत्री को पद पर रहने का अधिकार नहीं है। राज्य सरकार को या तो तुरंत प्रभाव से उनसे इस्तीफा लेना चाहिए या फिर उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए। खान ने कहा कि अभी ये सांकेतिक प्रदर्शन है, यदि सरकार ने इस प्रकरण ढिलाई बरती तो प्रदेश भर में आंदोलन को तेज़ किया जाएगा। इसी प्रकरण को लेकर जयपुर में आज शाम को शहर भाजपा की ओर से छोटी चौपड़ पर प्रदर्शन किया जाएगा।