इस दौरान डॉ सतीश पूनिया ने बताया कि वे अब झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की बूथ संख्या 329 के पन्ना प्रमुख बन गए हैं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख बनने का गौरव प्राप्त होने के बाद अब इस पन्ने को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा से लोगों को जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। वहीं मतदाताओं के विचार और व्यवहार से पार्टी का अनुसरण भी किया जाएगा।
डॉ. पूनिया ने प्रदेश मंत्री महेंद्र यादव, जयपुर देहात उत्तर जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, पूर्व मेयर शील धाबाई, करणी विहार मंडल अध्यक्ष अनुभव शर्मा की मौजूदगी में झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 329 के पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी ली l
52 हजार बूथों तक पन्ना प्रमुख का टारगेट
भाजपा के प्रदेश स्तरीय पन्ना प्रमुख नियुक्ति अभियान का शुभारंभ बीते दिनों श्रीगंगानगर जिले में बींझबायला देहात मंडल के शक्ति केंद्र मांजूवास-नरसिंहपुरा के बूथ संख्या 222 पर हुआ था। भाजपा का राजस्थान में 52 हजार बूथों तक पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति का लक्ष्य है। इनमें 11 लाख कार्यकर्ताओं को दायित्व दिया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी की ओर से इन दिनों जगह-जगह पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन भी हो रहे हैं।
राजस्थान में सत्ता का मिशन टारगेट
भाजपा की हाल ही में कई विधानसभा सीटों पर जीत में बूथ कार्यकर्ता और पन्ना प्रमुखों को अहम योगदान रहा है। यही वजह है कि पार्टी का पूरा फोकस अब वर्ष 2023 में प्रस्तावित चुनाव के मद्देनज़र बूथ कार्यकर्ता और पन्ना प्रमुखों की कड़ी को मजबूत करना है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा है कि कार्यकर्ताओं की यह फौज राजस्थान की भ्रष्टाचारी और दम्भी कांग्रेस सरकार का सामना करने के लिए तैयार होगी और 2023 में कांग्रेस की जनविरोधी अशोक गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। पन्ना प्रमुख की नियुक्ति से प्रदेश में भाजपा का मजबूत संगठन खड़ा होगा और एक मजबूत संगठन ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत संरचना को साकार कर सकता है। भाजपा संगठन की ताकत बूथ का प्रत्येक कार्यकर्ता है।