केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोलः गहलोत-डोटासरा, पायलट दिखेंगे एक मंच पर
-दोपहर 12 बजे से शहीद स्मारक पर होगा प्रदेश कांग्रेस का धरना, सीएए के बाद पहली बार मुख्यमंत्री होंगे किसी बड़े धरने में शामिल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी होंगे धरने में शामिल, शाम 4 बजे तक चलेगा प्रदेश कांग्रेस का धरना

जयपुर। केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में और आंदोलनरत किसानों के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस का धरना आज जयपुर में आयोजित होने जा रहा है। दोपहर 12 बजे से आयोजित होने वाला धरना शाम 4 बजे तक चलेगा। धरने में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
यह ऐसा पहला मौका होगा जब किसी प्रदर्शन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और सचिन पायलट एक मंच पर नजर आएंगे। हालांकि के धरने के दौरान कोरोना गाइडलाइन की पालना और सोशल डिस्टेंसिंग की पालना की भी बात कही जा रही है। धरने के दौरान मंच से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेता केंद्रीय कृषि कानूनों की खामियां भी गिन आएंगे। इससे पहले पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को शहीद स्मारक स्थल का दौरा धरने की तैयारियों का जायजा भी लिया था।
सीएए के बाद बड़े प्रदर्शन में शामिल होंगे अशोक गहलोत
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लंबे अरसे के बाद किसी बड़े प्रदर्शन में आज शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जनवरी 2019 में नागरिकता संशोधन कानून(सीएए)के खिलाफ अल्बर्ट हॉल से लेकर गांधी सर्किल तक निकाली गई विशाल रैली में शामिल हुए थे। उसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोविड के चलते किसी बड़े प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाए। अब नए साल में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कृषि कानूनों के विरोध में होने वाले धरने में शामिल होने जा रहे हैं।
विधेयक रोके जाने के विरोध में भी धरना
शहीद स्मारक पर आज होने वाला धरना राज्य सरकार की ओर से पारित किए गए तीन कृषि विधायकों को राजभवन में रोके जाने के विरोध में भी आयोजित हो रहा है। पीसीसी चीफ गोविन्द डोटासरा का कहना है कि वो इस धरने के जरिये राजभवन पर दबाव बनाएंगे।
गौरतलब है कि केंद्र के कृषि क़ानूनों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने बीते साल अक्टूबर माह में विरोध पखवाड़ा मनाया था साथ ही इसके विरोध में किसान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया था। इसके अलावा जय जवान जय किसान जैसे अभियान चलाने के बाद आज प्रदेश कांग्रेस धरना दे रही है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज