आधी रात को गरमाया रहा पारा!
लालसोट थाना पुलिस के अधिकारियों और जवानों के भाजपा नेता जीतेन्द्र गोठवाल के जयपुर स्थित आवास पर पहुंचने पर मामला काफी गरमा गया। पुलिस के पहुंचने की 'भनक' लगने से पहले ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और गोठवाल समर्थक आवास पर पहुँच गए थे। पुलिस गोठवाल को अग्रिम पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाने पहुंची थी, लेकिन इस दौरान उन्हें भाजपा नेताओं और समर्थकों के ज़बरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा।
पुलिस के गोठवाल आवास पहुँचने का विरोध करने वालों में पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी सहित कई अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता रहे। चतुर्वेदी ने पुलिस कार्रवाई पर ऐतराज़ जताया और गोठवाल को हिरासत में ले जाने की वजह और गिरफ्तारी वारंट को लेकर जमकर खरी-खरी सुनाई।
बदला ले रही है सरकार: गोठवाल
लालसोट थाना पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा नेता जीतेन्द्र गोठवाल ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। गठवाल की ओर से किये गए एक ट्वीट में बताया गया, ''आधी रात को मुझे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस मेरे जयपुर आवास पर पहुंची। लालसोट की डॉ अर्चना शर्मा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का झूठा केस दर्ज़ किया गया है। IPC की धारा 306 लगाई गई है। ये कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को ट्रेन का टिकट भिजवाने का बदला है।'
कल आधी रात को मुझे गिरफ्तार करने जयपुर आवास पर पहुंची पुलिस... लालसोट की डॉ अर्चना शर्मा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का दर्ज किया झूँठा केस... लगाई IPC की धारा 306..कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को ट्रेन का टिकिट भिजवाने का लिया बदला... pic.twitter.com/fCMF7H6EUR
— Jitender Gothwal (@JitenGothwal) March 31, 2022
सड़क जाम कर दो, पुलिस अफसर मौके पर पहुंचने चाहिए, मैं सुबह आउंगा
सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम से रिलिटेड दो ऑडियो वायरल हो रहे हैं, इन आड़ियो में पीडित परिवार किसी व्यक्ति से बात कर रहा है। जिससे बात की जा रही है वह कह रहा है कि रोड जाम कर दो, पहले सौ नंबर पर फोन करना, फोन की डिटेल उपर तक देनी होती है। जाम करने के बाद मुझे बता देना, मैं सवेरे पहुंच जाउंगा, अभी गंगापुर सिटी हूं, वहां पर मर्डर का कोई मामला है। एक अन्य ऑडियो जो कि करीब आठ मिनट से भी ज्यादा का है उसमें पीडित परिवार का एक सदस्य कह रहा है कि तीन लाख रुपए ले लिए हैं साहब... इस पर सामने वाला व्यक्ति कह रहा है कि तीन लाख कैसे ले लिए, पचास लाख दिलवाउंगा...। फोन करने वाला कह रहा है कि डॉक्टर अपने मंत्री परसादी लाल मीणा का जानकार है.......। ये ऑडियो किन लोगों के हैं इस बारे में फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
प्रियंका गांधी को भिजवाया था ट्रेन टिकट
भाजपा नेता जीतेन्द्र गोठवाल कुछ दिन पहले कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को ट्रेन का टिकट भिजवाए जाने के चलते चर्चा में रहे।गोठवाल ने सोशल मीडिया पर इस टिकट को वायरल किया और प्रियंका गांधी के लिए कुछ संदेश भी लिखे। उन्होंने प्रियंका गांधी को तुरंत जयपुर आने की बात लिखी।
गोठवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'प्रियंका जी आपकी पार्टी के विधायक के बाहुबल के आगे एक नाबालिग लड़की लड़ नहीं पाई। आप तुरंत राजस्थान आएं, क्योंकि राजस्थान में भी 'लड़कियां हैं, लड़ नहीं पा रहीं।' इसलिए आपके लिए ट्रेन का टिकट भेज रहा हूं।'