scriptराजस्थान का रण : भाजपा-कांग्रेस इस मोर्चें पर हुए आमने-सामने, शीर्ष नेताओं ने संभाली कमान | Rajasthan election 2018 : BJP congress social media war | Patrika News

राजस्थान का रण : भाजपा-कांग्रेस इस मोर्चें पर हुए आमने-सामने, शीर्ष नेताओं ने संभाली कमान

locationजयपुरPublished: Sep 10, 2018 10:29:19 pm

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

jaipur

राजस्थान का रण : भाजपा-कांग्रेस इस मोर्चें पर हुए आमने-सामने, शीर्ष नेताओं ने संभाली कमान

विकास जैन / जयपुर. विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रदेश के दोनों प्रमुख दल मैदान-ए-जंग में उतर आए हैं, लेकिन यह लड़ाई सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर ज्यादा ही तेज नजर आ रही है। दोनों ही दलों के शीर्ष नेताओं ने इसकी कमान संभाल रखी है। दोनों ही दलों के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर सवाल जवाब का दौर चल रहा है, वहीं दोनों ही दलों के नेता व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट पर सक्रिय हैं। शीर्ष नेता ही नहीं दोनों दलों ने पृथक से आइटी सेल बना दी हैं, जो सक्रिय हो चुकी हैं। पत्रिका ने लिया सोशल मीडिया के प्रचार युद्ध का जायजा-
गूंजे तीन बड़े मुद्दे : दो पर दोनों गरम, एक पर दोनों ही चुप

1. रफाल: कांग्रेस ने डाला पकौड़े का वीडियो, भाजपा ने लोगों की राय रफाल मामले में प्रदेश भाजपा के आधिकारिक सोश्यल मीडिया पेज पर वीडियो के जरिए जवाब दिया है। सोसायटी में बातचीत को आधार बनाकर बनाए गए वीडियो में भाजपा ने बताया है कि पूर्व की सरकार से भी कम में इसकी खरीद की गई है। कांग्रेस की ओर से दिखाए गए वीडियो में एक मित्र के पकोड़े तलने का हवाला देते हुए बताया गया कि जिसे ठेका दिया गया, बाद में पता चला कि उसे तो चाबी बनानी आती ही नहीं है।
2. पेट्रोल-डीजल दाम: कांग्रेस ने कहा डरी भाजपा, भाजपा ने बताया जनता की भावना कांग्रेस की ओर से कराए गए भारत बंद से पहले राज्य सरकार की ओर से 4 प्रतिशत वैट में कमी पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने अपने अकाउंट पर ट्विट किए। जिसे दोनों दलों के आधिकारिक पेजों पर भी रिट्विट किया गया। कांग्रेस ने इस निर्णय को बंद के दबाव में लिया जाना बताया। वहीं भाजपा नेताओं की ओर से इसे जनता की भावनाओं को देखते हुए लिया गया निर्णय बताया गया।
3. एससी, एसटी मुद्दा: बंद हो गया, पर दोनों ही रहे चुप हर मामले में एक दूसरे पर आरोप और पलटवार करने वाले दोनों ही दलों के नेता पिछले दिनों एससी-एसटी एक्ट को लेकर हुए भारत बंद व इस मुद्दे पर मौन रहे। करीब करीब सभी नेताओं ने इसे लेकर कोई टिप्पणी नहीं की। ना ही इसको लेकर बड़े नेताओं ने कोई पोस्ट सोशल मीडिया पर किया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दूर हो रहे सोशल मीडिया से

अशोक परनामी : सोशल मीडिया पर कुछ माह पहले तक सक्रिय थे। उन्होने 8 सितंबर को एक नेता को जन्मदिन की बधाई दी। इससे पहले 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। जुलाई और उससे पहले ये सतत सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे।
कालीचरण सराफ: चिकित्सा मंत्री सोशल मीडिया पर सक्रिय तो हैं, लेकिन अन्य नेताओं की अपेक्षा कम सक्रिय।

राजपाल सिंह शेखावत: उद्योग मंत्री बमुश्किल ही सोशल मीडिया पर नजर आते हैं।

बडे नेताओं में ये सक्रिय
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी , पूर्व मंत्री शांति धारीवाल भी सतत रूप से सोशल मीडिया पर सक्रिय नजर आ रहे हैं।
प्रमुख मंत्रियों में ये सतत सक्रिय

– वासुदेव देवनानी
– यूनुस खान,

– अनिता भदेल
– राजेन्द्र राठौड़

– अरुण चतुर्वेदी
– प्रभुलाल सैनी

सांसदों में कई सक्रिय

अधिक सक्रिय सांसदों में रामचरण बोहरा, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, गजेन्द्र सिंह शेखावत, ओम बिरला, संतोष अहलावत, दुष्यंत सिंह, राहुल कस्वा, निहालचंद सहित अन्य सांसद शामिल हैं।
एक घंटे से चार घंटे तक में पोस्ट

– बीजेपी 4 राजस्थान टिवटर हैंडल पर औसतन एक से दो घंटे में एक पोस्ट

– बीजेपी 4 राजस्थान फेसबुक हैंडल पर औसतन दो से तीन घंटे में एक पोस्ट
– आइएनसी राजस्थान फेसबुक और ट्विटर हैंडल पर दो से चार घंटे में एक पोस्ट
– किसी मुद्दे के किसी समय विशेष में हावी रहने पर पोस्ट की रफ्तार कुछ बढ़ जाती है

भाजपा की साइबर वार टीम

– प्रदेश कार्यालय में साइबर वार रूम
– जिला स्तर पर आइटी संयोजक व टीम
– मंडल स्तर पर आइटी संयोजक व टीम
– अधिकांश बूथों पर बूथ संयोजक बनाए जा चुके हैं

कांग्रेस की साइबर वार टीम

– 1 प्रदेश और 4 प्रदेश सह संयोजक

– 60 राज्य कार्यसमिति सदस्य
– 200 विधानसभा कोर्डिनेटर
– 2000 कार्यकर्ता ब्लॉक्स में, प्रदेश के सभी ब्लॉक्स को मिलाकर, हर ब्लॉक में 5 से 7
– 200 कार्यकर्ता जिलों में, सभी जिलों में मिलाकर, हर ब्लॉक मे 5 से 7

प्रदेश स्तर पर करीब 2300 कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय कर दिए गए हैं। प्रदेश, जिला और बूथ सहित विधानसभा स्तर तक टीम कार्य कर रही हैं। कांग्रेस के सभी नेता सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं।
-दानिश अबरार, प्रदेश संयोजक आइटी सेल, राजस्थान

भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर औसतन हर घंटे में एक पोस्ट की जा रही है। फेसबुक पर यह औसत दो घंटे का है। हमारे ज्यादातर नेता, व्यक्ति सोशल मीडिया पर पूरी तरह सक्रिय हैं।
हितेन्द्र कौशिक, प्रदेश संयोजक, भाजपा आइटी सेल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो