जयपुर

गहलोत सरकार के दावों की हवा खुद के विधायकों और मंत्रियों ने ही निकाल दी, जानें पूरा मामला

राज्य में कोरोना से निपटने के लिए सरकार ने हर विधानसभा क्षेत्र में एक सीएचसी को मॉडल बनाने का मामला, कांग्रेस के 99 सहित 184 विधायकों ने दिखाया ‘सीएचसी’ को ठेंगा, मंत्री भी भूले

जयपुरMar 22, 2021 / 04:14 pm

pushpendra shekhawat

विकास जैन / जयपुर. राज्य में कोरोना से निपटने के लिए सरकार के जोर-शोर से किए जा रहे दावों की हवा उसके खुद के विधायकों और मंत्रियों ने ही निकाल दी है। कोरोना काल के दौरान अक्टूबर 2020 में सरकार ने हर विधानसभा क्षेत्र के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) को मॉडल बनाने की घोषणा की थी।
इसमें विधायक को अपने क्षेत्र की एक सीएचसी का चयन करना था। मॉडल बनाना तो दूर, अब तक खुद सरकार के सभी मंत्रियों समेत 99 विधायक इसका चयन तक नहीं कर पाए हैं। भाजपा के भी 71 में से मात्र 5 ने सीएचसी का चयन किया है। इस पर सरकार को हाल ही इस घोषणा को बजट में शामिल करना पड़ा है।
क्या है आदर्श सीएचसी
आदर्श सीएचसी एक तरह से संबंधित विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़े अस्पताल की तरह होगी। इसके लिए राज्य सरकार और विधायक आधा-आधा खर्च वहन करेंगे। विधायक इसके लिए अपनी निधि से एक करोड़ की राशि खर्च करेंगे।
खुद मंत्री ने दिलाई याद मगर…

सीएचसी चयन के लिए चिकित्सा विभाग ने विधायकों को इस माह स्मरण पत्र भेजा है। चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा इस संबंध में विधायकों को पत्र लिख चुके हैं लेकिन अभी तक मंत्री भी आगे नहीं आए हैं।

इन विधायकों ने इन सीएचसी के लिए दी स्वीकृति
विधायक ————– पार्टी ——— विधानसभा क्षेत्र ———- सीएचसी
सुमित गोदारा ———- भाजपा ——– लूणकरणसर ————- कालू
बिहारीलाल विश्नोई —- भाजपा ——— नोखा ——————– पांचू
पृथ्वीराज मीणा ——– कांग्रेस ———- टोडाभीम —————- टोडाभीम
हीरालाल मेघवाल —— कांग्रेस ———- बिलाड़ा —————— बोरुंदा
आलोक बेनीवाल ——- निर्दलीय ——– शाहपुरा —————– अमरसर
बलवान पूनिया ——— माकपा ——— भादरा ——————- भादरा
अमित चाचाण ———- कांग्रेस ——— नोहर ——————– नोहर
धमेन्द्र मोची ———— भाजपा ——– पीलीबंगा —————- पीलीबंगा
गुरदीप शाहपीनी ——– भाजपा ——– सांगरिया —————- टिब्बी
चौधरी विनोद कुमार —– कांग्रेस ——- हनुमानगढ़ ————— पक्का शाइना
भरत सिंह कुंदनपुर —— कांग्रेस ——- सांगोद ——————– धनवास
सतीश पूनिया ———– भाजपा ——- आमेर ——————– जालसू
यह होगा आदर्श सीएचसी में
– 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं, निर्धारित स्टाफ की व्यवस्था सरकार करेगी

– गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के लिए चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित किया जाएगा

– 632 तरह की दवाएं, सर्जिकल सूचर्स, अन्य निर्धारित दवाओं की उपलब्धता
– निशुल्क जांच योजना संबंधी सभी जांचें उपलब्ध होंगी

– सफाई की उचित व्यवस्था

– बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन का नियमानुसार पृथक्करण और निस्तारण

– सभी कार्मिक निर्धारित गणवेश और पहचान पत्र के साथ रहेंगे
– जिला एवं राज्य स्तर पर अस्पतालों का नियमित मूल्यांकन

– एडोल्सेंट फ्रेंडली हेल्थ क्लीनिक की स्थापना

Hindi News / Jaipur / गहलोत सरकार के दावों की हवा खुद के विधायकों और मंत्रियों ने ही निकाल दी, जानें पूरा मामला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.