scriptजयपुर सहित 6 निगमों में किसका बनेगा महापौर, फैसला आज, क्रॉस वोटिंग से बिगड़ सकता है गणित | rajasthan mayor election 2020 | Patrika News

जयपुर सहित 6 निगमों में किसका बनेगा महापौर, फैसला आज, क्रॉस वोटिंग से बिगड़ सकता है गणित

locationजयपुरPublished: Nov 10, 2020 11:08:01 am

Submitted by:

santosh

जयपुर सहित प्रदेश के 6 नगर निगमों में महापौर पद के लिए मतदान जारी है।

mayor_election.jpg

जयपुर। जयपुर सहित प्रदेश के 6 नगर निगमों में महापौर पद के लिए मतदान जारी है। मतदान सुबह 10 नवंबर से शुरू हो जाएगा जो दोपहर दो बजे तक चलेगा। इसके बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। राजधानी जयपुर में दोनों ही निगमों में कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। ‘प्रथम नागरिक’ चुने जाने के लिए मतदान से पहले दोनों ही दलों ने अपनी पार्टी के महापौर बनने का दावा किया है।

इनमें से कोई एक-एक बनेगा मेयर
जयपुर हेरिटेज में कांग्रेस की मुनेश गुर्जर और भाजपा की कुसुम यादव के बीच मुकाबला है, तो जयपुर ग्रेटर निगम में भाजपा की सौम्या गुर्जर और कांग्रेस की दिव्या सिंह में से कोई एक मेयर बनेंगी। संख्या बल के लिहाज से हेरिटेज में कांग्रेस की मुनेश और ग्रेटर में भाजपा की सौम्या का महापौर चुना जाना तय माना जा रहा है।

‘बाड़ों’ से आएंगे बाहर
मेयर चुनाव के लिए मतदान के लिए कांग्रेस-भाजपा पार्षद अपने-अपने ‘बाड़ों’ से निकलकर ग्रेटर और हेरिटेज नगर निगम मुख्यालयों पर पहुंचेंगे। अलग-अलग जगहों पर ठहराए गए इन पार्षदों को बसों के जरिए मतदान के लिए लाया जाएगा। जानकारी के अनुसार मतदान होने और मेयर चुने जाने के बाद सभी पार्षदों को वापस होटलों में लाया जाएगा। यही प्रक्रिया अगले दिन यानी 11 नवंबर को उप महापौर चुनाव के दौरान भी दोहराई जाएगी। इसके बाद ही संभवत: दोनों ही दलों की बाड़ाबंदी खत्म होगी।

बाड़ाबंदी में प्रशिक्षण
दोनों ही दलों की बाड़ाबंदी में रखे गए पार्षदों को मेयर चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया गया है। वरिष्ठ नेताओं ने जहां पार्षदों को मार्गदर्शन दिया है तो वहीं कानूनी पेचीदगियां बताने के लिए दोनों ही दलों ने विधि विशेषज्ञों का भी सहयोग लिया है।

क्रॉस वोटिंग से बिगड़ सकता है गणित
कांग्रेस-भाजपा ने वैसे तो अपनी रणनीति को अंजाम देते हुए अपनी पार्टी का महापौर बनाए जाने को लेकर पूरी तैयारी कर ली है, लेकिन दोनों को ही क्रॉस वोटिंग का खतरा है। दरअसल, दोनों ही दलों के अंदरखाने मेयर प्रत्याशी को लेकर नाराजगी भी देखी गई है। ऐसे में आखिरी समय में कौन ‘बागी’ होकर क्रॉस वोटिंग करके गणित बिगाड़ दे इसका कहीं न कहीं डर बना हुआ है।

ये है चुनावी गणित
-मेयर पद के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच होगा मतदान।
-मतदान की समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना होगी और तत्काल नतीजे घोषित होंगे।
-जयपुर में पहली बार बने दो निगमों में मेयर की सीटें ओबीसी महिला के लिए हैं आरक्षित।
-हेरिटेज नगर निगम के 100 वार्ड में से कांग्रेस के 47, भाजपा के 42 औैर 11 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
-ग्रेटर नगर निगम के 150 वार्ड में से भाजपा के 88, कांग्रेस के 49 औैर 13 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं।

मेयर की दौड़

जयपुर हैरिटेज
कांग्रेस- मुनेश गुर्जर V/s बीजेपी- कुसुम यादव

जयपुर ग्रेटर
बीजेपी- सौम्या गुर्जर V/s कांग्रेस- दिव्या सिंह

कोटा उत्तर
कांग्रेस- मंजू मेहरा V/s बीजेपी- संतोष बैरवा

कोटा दक्षिण
बीजेपी- विवेक राजवंशी V/s कांग्रेस- राजीव अग्रवाल
जोधपुर उत्तर
कांग्रेस- कुंती परिहार V/s बीजेपी- संगीता सोलंकी

जोधपुर दक्षिण
बीजेपी- वनिता सेठ V/s कांग्रेस- पूजा पारीक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो