script

मानसून का दूसरा दौर सुस्त, कर्इ जिलों को झमाझम बारिश का इंतजार

locationजयपुरPublished: Aug 17, 2017 03:51:00 pm

Submitted by:

Abhishek Pareek

मानसून की बारिश का दूसरा दौर चल रहा है, लेकिन अब भी प्रदेश के दर्जनभर जिलों को बारिश का बेसब्री से इंतजार है।

Rain
जयपुर। प्रदेश में मानसून की बारिश का दूसरा दौर चल रहा है, लेकिन अब भी प्रदेश के दर्जनभर जिलों को बारिश का बेसब्री से इंतजार है। प्रदेश में अभी मानसून की बेरुखी बनी हुई है वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन चार दिन और बारिश का दौर सुस्त रहने का अंदेशा जता दिया है। बारिश के थमे दौर ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है वहीं यदि दूसरे दौर में भी यदि मानसून रूठा रहा तो खरीफ फसलों के साथ ही प्रदेश में पीने के पानी का भी संकट गहरा सकता है।
मानसून के दौरान इस बार जयपुर समेत एक दर्जन जिलों में मूसलाधार बारिश तो दूरी अभी तक बारिश का आंकड़ा सामान्य वर्षा तक को नहीं छू सका है। प्रदेश में हवा की दिशा में हुए बदलाव और नमी के कारण मानसून समय से पहले ही हिमालय तराई इलाकों की ओर खिसक गया वहीं अगस्त के पहले पखवाड़े में प्रदेश तक पहुंंचने वाले पश्चिमी विक्षोभ भी कमजोर रहने से बीते सप्ताहभर से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर थमा रहा है।
हालांकि मानसून अभी पूर्वोत्तर राज्यों में जमकर बरस रहा है और कुछ राज्यों में हुई भारी बारिश से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में एक जून से 15 अगस्त तक सामान्य से 17 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। जोधपुर संभाग में अब तक सर्वाधिक 140 फीसदी बारिश दर्ज कर सबसे आगे है। जयपुर में बीते साल एक जून से 15 अगस्त तक 454.94 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई वहीं इस बार इस अवधि में हुई बारिश का आकंड़ा 241.85 मिमी तक ही दर्ज हो सका है। पूरे जयपुर संभाग में मानसून की एंट्री से लेकर अब तक सामान्य से करीब 34.25 फीसदी बारिश कम हुई है।
यूं बिगड़ा मानसून का मिजाज
प्रदेश में अभी मानसून लाइन हिमालय के तराई इलाकों से गुजर रही है। जम्मू और कश्मीर और उत्तरी पाकिस्तान से प्रदेश की ओर आने वाले पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा उंचाई वाले व कमजोर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बिहार के पूर्वी हिस्सों में चक्रवाती हवाओं के कारण मानसून देश के निचले पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढऩे में आनाकानी कर रहा है। ऐसे में उपरी चक्रवाती तंत्र में आगामी दिनों में संभावित बदलाव होने पर ही मानसून फिर से देश के मध्य और निचले इलाकों का रुख करने पर ही मानसूनी बारिश का दूसरा दौर शुरू होने की उम्मीद मौसम वैज्ञानिक जता रहे हैं।
बीसलपुर में थमी पानी की आवक
गुलाबीनगर की लाइफ लाइन बीसलपुर बांध में बुधवार शाम से पानी की आवक थम गई है। आज सुबह बांध का जलस्तर 313.60 आरएल मीटर रहा वहीं बांध व आसपास के इलाकों में बारिश का दौर थमा रहा है। हालांकि त्रिवेणी में पानी का बहाव 1.30 मीटर उंचाई पर बने रहने पर भी बांध में पानी की आवक थम गई है। प्रदेश के 831 कुल बांधों में से अब तक महज 185 बांध ही छलके हैं वहीं 356 बांध आंशिक भरे हैं और 290 बांध मानसून के दूसरे दौर में भी रीते रहे हैं।
मानसून में इस बार जयपुर संभाग के बारिश के हालात
जिला सामान्य वर्षा 1 जून से 15 अगस्त वास्तविक वर्षा 1 जून से 15 अगस्त 2016 तक हुई बारिश
जयपुर 360 241.85 454.94
अलवर 356.20 215.78 530.23
दौसा 417.70 235.81 684.41
झुंझुनूं 282.90 206.24 446.86
सीकर 285.80 219.85 353.91

ट्रेंडिंग वीडियो