scriptनिकाय चुनाव में दिग्गज नेताओं का रिपोर्ट कार्ड: जानिए कौन कामयाब रहा और कौन फ्लॉप | Rajasthan Nikay chunav Result: All district Report card | Patrika News

निकाय चुनाव में दिग्गज नेताओं का रिपोर्ट कार्ड: जानिए कौन कामयाब रहा और कौन फ्लॉप

locationजयपुरPublished: Nov 20, 2019 01:26:46 pm

Submitted by:

santosh

Rajasthan Nikay chunav Result: निकाय चुनाव केवल भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों की ही हार-जीत नहीं थी, इसमें पार्टी के दिग्गज नेताओं की भी परीक्षा हो गई।

पंचायतीराज चुनाव

पंचायतीराज चुनाव

जयपुर। Rajasthan Nikay Chunav Result: निकाय चुनाव केवल भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों की ही हार-जीत नहीं थी, इसमें पार्टी के दिग्गज नेताओं की भी परीक्षा हो गई। इसमें कहीं पर दिग्गज नेता फ्लॉप साबित हुए तो कहीं पर कामयाबी हासिल करके उन्होंने अपना कद और बढ़ा लिया। कहीं-कहीं तो दोनों ही पार्टियों के दिग्गजों की नैया इस कदर भंवर में फंसी कि बाड़ाबंदी की रस्सियों के सहारे किनारे लगाने की कवायद चल रही है।

 

उदयपुर: कटारिया का कद बढ़ा
उदयपुर से आने वाले भाजपा के दिग्गज नेता गुलाबचंद कटारिया निकाय चुनाव में पास हो गए। यहां नगर निगम के कुल 90 वार्ड थे, जिनमें भाजपा ने 51 वार्डों पर जीत हासिल की जबकि कांग्रेस केवल 27 वार्ड ही जीत पाई। 11 में निर्दलीय और एक पर सीपीआईएम ने कब्जा जमाया। ऐसे में कटारिया अपनी परीक्षा में सफल रहे, वहीं कांग्रेस की गिरिजा व्यास और रघुवीर मीणा में इस परीक्षा में फेल हो गए।

 

टोंक: पायलट ने मारा मैदान
टोंक में 60 वार्डों में से कांग्रेस ने 27 और बीजेपी ने 23 तथा निर्दलीयों ने 10 वार्डों में कब्जा जमाया है। इस तरह पायलट ने टोंक में भाजपा को पीछे छोड़ दिया है।

 

झुंझुनूं : ओला और शर्मा की जोड़ी का धमाल
झुंझुनूं में कांग्रेस के कद्दावर नेता बृजेन्द्र ओला और तेजतर्रार युवा नेता राजकुमार शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा। यहां 120 वार्डों में चुनाव हुए हैं, इनमें भाजपा मात्र 18 में जीत हासिल कर सकी। कांग्रेस ने 53 वार्डों में परचम फहराया, जबकि शेष वार्ड निर्दलीयों ने जीते। इस तरह यहां भाजपा के नरेन्द्र खींचड़ इस परीक्षा में असफल रहे।

 

नाथद्वारा: जोशी ने दी भाजपा को पटखनी
विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की नाथद्वारा नगरपालिका के 40 वार्डों में से कांग्रेस को 29 भाजपा को 10 और निर्दलीय को एक वार्ड में जीत मिली है। इस तरह सीपी जोशी ने यहां कांग्रेस का बोर्ड बनवाने के साथ ही अपना कद और बढ़ा लिया है। जबकि भाजपा की दिग्गज किरण माहेश्वरी यहां अपना दबदबा कायम नहीं रख सकी।

 

अजमेर: देवनानी-भदेल का जलवा कायम
अजमेर जिले के 105 वार्डों में भाजपा को 53 वार्डों में जीत हासिल हुई, वहीं कांग्रेस को 33 पर जीत मिली, शेष में निर्दलीयों ने बाजी मारी। इस तरह पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी और अनिता भदेल ने इस परीक्षा में कांग्रेस को हराकर बाजी मार ली।

 

सीकर : पारीक-डोटासरा ने दिखाया दम
सीकर में नीमकाथाना और खाटूश्यामजी नगर पालिका तथा सीकर नगर परिषद तीनों में ही कांग्रेस को जबरदस्त तरीके से जीत दिलवाकर दिग्गज नेता राजेन्द्र पारीक और गोविंद डोटासरा ने भाजपा को धूल चटाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। इन तीनों जगहों पर 120 वार्डों में चुनाव हुए थे जिनमें कांग्रेस ने 58 जीत ली, भाजपा वहीं भाजपा के हाथ में 41 वार्ड ही आए। यहां भाजपा के स्वामी सुमेधानंद कोई कमाल नहीं दिखा सके और वे निकायों में बोर्ड बनवाने में असफल साबित हुए।

 

बीकानेर: अर्जुन के चक्रव्यूह में फंस गए कल्ला
बीकानेर नगर निगम में भाजपा के अर्जुन मेघवाल ने ऐसा कमाल दिखाया कि कांग्रेस के दिग्गज नेता बीडी कल्ला के वार्ड में ही कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। यहां भाजपा ने 80 में से 39 और कांग्रेस को मात्र 26 में ही जीत मिली। इस तरह मेघवाल के आगे बी डी कल्ला टिक नहीं सके।

 

बांसवाड़ा : मालवीय के आगे भाजपा चारों खाने चित
बांसवाड़ा में यहां के दिग्गज नेता महेन्द्रजीत सिंह मालवीय ने भाजपा को धूल चटाकर अपना कद और बढ़ा लिया। यहां के 85 वार्डों में से कांग्रेस को 46 तथा भाजपा को मात्र 32 वार्डों में जीत हासिल हुई। इस क्षेत्र में भाजपा भवानी जोशी, कनकमल कटारा जैसे नेताओं के प्रभाव को आदिवासियों ने नकार दिया।

 

चित्तौड़गढ़ : आंजना-जाड़ावत रहे अव्वल
चित्तौड़गढ़ में उदयलाल आंजना और सुरेन्द्र जाड़ावत निकाय चुनाव की परीक्षा में अव्वल दर्जे से पास हुए। यहां के 145 वार्डों में हुए चुनाव में उन्होंने कांग्रेस को 90 वार्डों में जीत दिलवाई और भाजपा को महज 51 वार्डों में जीत मिली। इस तरह से इन दोनों नेताओं ने भाजपा सांसद सीपी जोशी को धूल चटाते हुए लोकसभा चुनाव का बदला भी ले लिया।

 

अलवर : बालकनाथ ने पास की परीक्षा
अलवर में नगर परिषद में भाजपा का दबदबा बनाने में सांसद बाबा बालकनाथ कामयाब रहे। अलवर नगर परिषद के लिए कुल 65 वार्डों में चुनाव हुए इनमें से 27 में भाजपा को जीत दिलवाकर बालकनाथ ने यह परीक्षा पास कर ली, जबकि कांग्रेस को 19 वार्डों में ही जीत मिली। इस तरह से उन्होंने लोकसभा के बाद कांग्रेस के दिग्गज भंवर जीतेन्द्र को एक बार फिर पटखनी दे दी।

 

बाड़मेर : कैलाश पर भारी पड़े हरीश
बाडमेर में 100 वार्डों पर हुए चुनाव में कांग्रेस के हरीश चौधरी ने अपना कद और बढ़ा लिया। यहां कांगे्रस को 49 और भाजपा को 43 में जीत मिली है। केन्द्रीय कृषि मंत्री कैलाश चौधरी इस परीक्षा में कांग्रेस के हरीश के दांवपेंच के चलते फेल साबित हुए।

 

यहां भी दिग्गजों को मिली शह-मात
इसी तरह कोटा के सांगोद नगर पालिका में पूर्व मंत्री भरत सिंह का जलवा बरकरार रहा। यहां के 25 वार्डों में से उन्होंने 16 वार्ड कांग्रेस के खाते में डलवा दिए, भाजपा को महज सात वार्डों में जीत पर संतोष करना पड़ा। चूरू में भाजपा के दिग्गज नेता राजेन्द्र राठौड़ भी इस परीक्षा में फेल साबित हुए। यहां के 100 वार्डों में से 51 में कांग्रेस ने जीत हासिल की जबकि भाजपा महज 21 में ही जीत हासिल कर सकी।

 

कहां से कौन कामयाब
उदयपुर : गुलाबचंद कटारिया (भाजपा)
टोंक: सचिन पायलट (कांग्रेस)
सीकर : गोविंद डोटासरा (कांग्रेस)झुंझुनूं : बृजेंद्र ओला (कांग्रेस)
झुंझुनूं : राजकुमार शर्मा (कांग्रेस)
नाथद्वारा : सीपी जोशी (कांग्रेस)
अजमेर : वासुदेव देवनानी (भाजपा)अजमेर : अनिता भदेल (भाजपा)
सीकर : राजेन्द्र पारीक(कांग्रेस)
बीकानेर : अर्जुन मेघवाल(भाजपा)
बांसवाड़ा :महेन्द्रजीत सिंह मालवीय(कांग्रेस)
चित्तौडग़ढ़ : उदयलाल आंजना(कांग्रेस)
चित्तौडग़ढ़ : सुरेन्द्र जाड़ावत(कांग्रेस)
अलवर : बाबा बालकनाथ(भाजपा)
बाड़मेर : हरीशचौधरी (कांग्रेस)
कोटा : भरतसिंह (कांग्रेस)

 

ये रहे फ्लॉप
सीकर : स्वामी सुमेधानंद (भाजपा)
उदयपुर : गिरिजा व्यास (कांग्रेस)
उदयपुर : रघुवीर मीणा (कांग्रेस)
बीकानेर : बी डी कल्ला (कांग्रेस)
चूरू : राजेन्द्र राठौड़ (भाजपा)
चित्तौडग़ढ़ : सांसद सीपी जोशी (भाजपा)
चित्तौडग़ढ़ : श्रीचंद कृपलानी (भाजपा)
अलवर : भंवर जीतेन्द्र सिंह (कांग्रेस)
बाड़मेर : कैलाश चौधरी (भाजपा)
झुंझुनूं : नरेन्द्र खींचड़

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो