scriptराजस्थान का सियासी प्याला, इसमें वह सबकुछ जो आप जानना चाहते हैं | Rajasthan's political cup, everything that you want to know in | Patrika News

राजस्थान का सियासी प्याला, इसमें वह सबकुछ जो आप जानना चाहते हैं

locationजयपुरPublished: Aug 23, 2018 01:20:36 am

वसुन्धरा चलीं गहलोत के गढ़ में, कांग्रेस मेवाड़ में सेंध लगाने चली

jaipur

राजस्थान का सियासी प्याला, इसमें वह सबकुछ जो आप जानना चाहते हैं

जयपुर. राजस्थान में सियासी प्याला उबाल पर है। भाजपा और कांग्रेस की नजर हर उस चाल पर है, जिससे एक-दूसरे को पटखनी दे सकें। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे अपनी राजस्थान गौरव यात्रा लेकर अब कांग्रेस के कद्दावर नेता अशोक गहलोत के गढ़ यानी जोधपुर संभाग में जाएंगी। जबकि कांग्रेस की नजर अब आदिवासी वोटों पर है। वह मेवाड़ से अपनी संकल्प यात्रा शुरू करेगी।
——————-
राजे का रथ : 23 से जोधपुर में
उदयपुर संभाग के बाद मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा गुरुवार से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह क्षेत्र जोधपुर संभाग में जाएगी। वर्ष 2013 के आंकड़ों को फिर से दोहराने की दृष्टि से यह यात्रा अहम मानी जा रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में इस संभाग की 33 में से 30 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया था। जोधपुर संभाग की यात्रा के लिए पार्टी ने चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ को संयोजक बनाया है। क्षेत्र के जाट, राजपूत और मेघवाल समाज के बड़े नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राज्यसभा सांसद रामनारायण डूडी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत, ऊर्जा मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह राणावत, कमसा मेघवाल को तो जिम्मा सौंपा ही है, खादी-ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पूर्व सांसद जसवंत सिंह विश्नोई, पाली सांसद व केन्द्रीय राज्य मंत्री पीपी चौधरी भी सक्रिय हैं। राजपूत नेताओं में बाबू सिंह राठौड़ की भूमिका अहम है और गजेन्द्र सिंह शेखावत भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। मारवाड़ में विकास के नाम पर सर्वाधिक भुनाने वाला मुद्दा रिफाइनरी का है। सरकार इसका काम शुरू करने का श्रेय ले सकती है। जालोर के 5 विधानसभा क्षेत्रों में नर्मदा का पानी पहुंचाने, जोधपुर शहर में 3 नए फ्लाईओवर बनाने, पाली के जवाई बांध की पुनर्भरण राशि स्वीकृत करने, जैसलमेर में 4 साल में पर्यटन उद्योग बढऩे के मुद्दे भी उठा सकती है। यात्रा 24 अगस्त को जैसलमेर से शुरू होगी। यह 7 दिन जोधपुर संभाग में रहने के बाद 2 सितम्बर को जोधपुर में खत्म होगी। बीच में राखी का अवकाश रहेगा। कुल 20 में से पहली सभा रामदेवरा में होगी। कुल 1285 किलोमीटर की यात्रा संभाग के 33 में से 32 विस क्षेत्रों में जाएगी और 51 जगह स्वागत होगा। यात्रा जैसलमेर, जोधपुर, पाली, सिरोही, जालौर, बाड़मेर जिले से गुजरेगी।
——————-
कांग्रेस का संकल्प : 24 से संभाग स्तर पर रैलियां
कांग्रेस संभाग स्तर पर संकल्प रैली 24 से शुरू करने का ऐलान कर चुकी है। पहली रैली उदयपुर संभाग में चित्तौडगढ़़ के सांवलियाजी में रखी गई है। मेवाड़ के इस इलाके में कांग्रेस का फोकस मुख्य रूप से आदिवासी वोटों पर है। माना जाता है कि इस क्षेत्र में हर बार बड़ा उलटफेर होता है। उदयपुर संभाग की कुल 28 सीटों में से जिस पार्टी को बढ़त मिली है, उसी की प्रदेश में सरकार बनी है। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में यहां कांग्रेस को 22 सीटें मिली थीं तो राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी और वर्ष 2013 के चुनाव में भाजपा ने 25 सीटों पर बाजी मारी तो भाजपा की सरकार बनी। यही कारण है कि उदयपुर संभाग पर कांग्रेस वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए संकल्प रैलियों की शुरुआत उदयपुर संभाग से कर रही है। इस संभाग में उदयपुर सहित चित्तौडगढ़़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, राजसमंद जिले शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक 8 सीटें उदयपुर और सबसे कम 2 सीटें प्रतापगढ़ जिले में हैं। अन्य सभी जिलों में 4 से 5 विधानसभा सीटें हैं। संभाग प्रभारी गोपाल सिंह ईडवा रैली की तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। प्रदेश कार्यालय से महासचिव मुमताज मसीह क्षेत्र के नेताओं से फोन पर लगातार संपर्क कर रैली की तैयारियों में जुटने का संदेश दे रहे हैं। कांग्रेस ने चित्तौडगढ़़ रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए संभाग के सभी वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्य भूमिका में उदयलाल आंजना हैं। वैसे वरिष्ठ नेता गिरिजा व्यास, गोपाल सिंह ईडवा, सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत, प्रकाश चौधरी के अलावा सभी पूर्व विधायक व पिछला चुनाव लड़े उम्मीदवारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने यहां एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य दिया है। ऐसे में युवा और टिकट की दौड़ में शामिल नेता तैयारियों में जुटे हैं। रैली के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मिल गई है। गुरुवार को पायलट भी उदयपुर पहुंचकर रैली की तैयारियों का जायजा लेंगे। संकल्प रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी तो नहीं आएंगे लेकिन प्रदेश के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे। पायलट एक दिन पहले पहुंचेंगे। शुक्रवार को होने वाली इस रैली में प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे, राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, सीपी जोशी, मोहन प्रकाश सहित चारों प्रदेश सह प्रभारी मौजूद रहेंगे।
——————-
आप का दांव : समाज विशेष को साधने में जुटी
आम आदमी पार्टी राज्य में अपनी जमीन मजबूत करने के लिए अब समाज विशेष के सक्रिय पदाधिकारियों को साधने में जुटी है। दोनों तरफ से चल रहे प्रयासों के तहत बीते दिनों दिल्ली में बैठक भी हो चुकी है। चर्चा है कि पार्टी उक्त समाज में बड़ा कद रखने वाले एक समिति पदाधिकारी को प्रदेश की कमान सौंप सकती है। इस पर फिलहाल सहमति नहीं बनी है लेकिन सितम्बर के पहले सप्ताह में फैसला हो सकता है। सूत्रों की मानें तो पार्टी कुल 200 में से 50-60 सीटें उक्त समिति को दे सकती है। दूसरी ओर, पार्टी ने राज्य की 27 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं लेकिन टिकट वितरण को लेकर खींचतान भी सामने आ रही है। हालांकि प्रदेश समन्वयक देवेंद्र शास्त्री ने इससे इन्कार किया है लेकिन कुछ प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष दिख रहा है।
——————-
राजपूत संगठनों का ऐलान : भाजपा को देंगे चुनौती
सर्व राजपूत व रावणा राजपूत समाज संघर्ष समिति का प्रदेश प्रतिनिधि सम्मेलन बुधवार को दीप स्मृति ऑडिटोरियम में हुआ। इसमें वक्ताओं ने राज्य सरकार और भाजपा पर हमला बोला। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा, कांग्रेस के साथ नहीं जाएंगे लेकिन भाजपा को चुनौती देंगे। जल्दी ही जपुर में आक्रोश रैली निकालेंगे। सम्मेलन में समिति अध्यक्ष गिरिराज सिंह लोटवाड़ा ने ‘कमल का फूल हमारी भूलÓ पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने दावा किया, ये पोस्टर अब राज्यभर में लोगों के घर पर दिखेंगे। मारवाड़ राजपूत सभा के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा ने कहा, बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में राजस्थान गौरव यात्रा का विरोध किया जाएगा। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना से प्रवक्ता करन सिंह राठौड़ ने कहा, आगामी विस चुनाव में ताकत का अहसास कराया जाएगा। सम्मेलन में राज्यभर से 25 से अधिक संस्था-संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
——————-
तिवाड़ी का प्रयास : राजे से पहले पहुंचे जोधपुर
भारत वाहिनी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी बुधवार को जोधपुर पहुंचे और कई कार्यक्रमों में शिरकत की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, सरकार जहां भी गौरव यात्रा निकाल रही है, वहां पहले पहुंचकर जनता को उसके ‘कार्योंÓ के बारे में बताता हूं। वंचित-गरीब तबके के लिए आरक्षण का बिल बन कर तैयार है लेकिन सरकार उसे पास कर नोटिफिकेशन जारी नहीं कर रही है।
——————-
दुआ-प्रार्थना करने : कुमारस्वामी, देवगौड़ा आएंगे
सत्ता संभालने के बाद 3 महीने में 40 से अधिक धार्मिक स्थलों पर मत्था टेक चुके कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी गुरुवार को अजमेर आएंगे। उनके साथ उनके पिता पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा भी आएंगे। जद-एस के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव दानिश अली ने बताया कि दोनों सुबह हवाई जहाज से किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से अजमेर आएंगे। सुबह 10.30 बजे दरगाह में जियारत करेंगे, फिर पुष्कर जाकर पूजा करेंगे। दोपहर को बेंगलूरु लौटेंगे।
——————-
छात्र राजनीति : अधिसूचना जारी, आचार संहिता हुई लागू
जयपुर. राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना बुधवार को जारी हो गई। इसके साथ ही विवि में छात्रसंघ चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। अब विवि में विद्यार्थियों को आइ कार्ड के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके लिए मुख्य द्वार पर टैंट लगा दिया गया है। वहां पुलिस जाब्ते के साथ विवि का प्रॉक्टर बोर्ड मुस्तैद रहेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. वीवी सिंह ने छात्र-छात्राओं से परिचय पत्र साथ लाने की अपील की है। हालांकि कई विभागों में अब तक पूरे परिचय पत्र नहीं बंटे हैं। ऐसे में पहले दिन कुछ विद्यार्थियों को छूट दी जा सकती है। आचार संहिता के तहत अब विवि व कॉलेज परिसरों में रैली-सभा नहीं हो सकेगी। पोस्टर-बैनर नहीं लगाए जा सकेंगे। अनधिकृत वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। विद्यार्थियों को परिचय पत्र के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा। अब 31 अगस्त को मतदान होगा। गणना 11 सितम्बर को होगी।
——————-
जननेता को श्रद्धांजलि : अटलजी के अस्थि कलश होंगे विसर्जित
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश बुधवार दोपहर जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक अस्थि कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान जगह-जगह पुष्पांजलि अर्पित की गई। अस्थि कलश गुरुवार सुबह विसर्जन के लिए रवाना किए जाएंगे। सामाजिक न्याय-अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी विशेष विमान से कलश लेकर दिल्ली से जयपुर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, अशोक परनामी समेत अन्य नेता मौजूद थे। राजे, सैनी व माथुर कलश हाथ में लेकर बाहर निकले और रथ में सवार हुए। वहां सभी ने पुष्पांजलि अर्पित की। इस बीच कार्यकर्ता अटल बिहारी के सम्मान में नारे लगाते रहे। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता पहुंचे लेकिन यात्रा ज्यों-ज्यों आगे बढ़ी, विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की कमी खलती गई। एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक 10 जगह आधिकारिक तौर पर पुष्पांजलि की व्यवस्था की गई लेकिन ज्यादातर स्थानों पर कार्यकर्ता कम ही नजर आए। जवाहर सर्कल के बाद एसएल कट से टोंक रोड की ओर जाने वाले तिराहे पर भी कार्यकर्ता कम ही पहुंचे। नेता-कार्यकर्ता पैदल चलने की बजाय गाडिय़ों में बैठे रहे। एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय पहुंचने में करीब 3 घंटे का समय लगने की चर्चा थी लेकिन दोहपहर 2 बजे रवाना हुई यात्रा 1.30 घंटे में भाजपा कार्यालय पहुंच गई। लक्ष्मीमंदिर के बाद तो यात्रा को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने में 5-7 मिनट ही लगे। प्रदेश कार्यालय में भी चर्चा रही कि पूरे रास्ते में कार्यकर्ता नजर नहीं आए। दोपहर करीब 3.30 बजे अस्थि कलश भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। सूत्रों के मुताबिक रास्ते में कार्यकर्ता कम होने से मुख्यमंत्री नाराज दिखीं। इसे लेकर उन्होंने प्रदेश के बड़े नेताओं और टोंक रोड पर लालकोठी के पास गंदगी देख महापौर अशोक लाहोटी के समक्ष नाराजगी जताई। विसर्जन के लिए अस्थि कलश गुरुवार सुबह 9 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय से कोटा, बेणेश्वर धाम और पुष्कर के लिए रवाना होंगे। रास्ते में जगह-जगह पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
——————-
कामत के निधन से : शोकमग्न कांग्रेस
कांग्रेस में राजस्थान प्रभारी रहे महाराष्ट्र के कद्दावर नेता गुरुदास कामत के आकस्मिक निधन पर कांग्रेस के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा, 2013 में प्रदेश प्रभारी महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभालने के बाद कामत के मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूती मिली। कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी सहजता-सहृदयता अनुकरणीय रही। उनके निधन से पार्टी, देश व समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे ने कहा, कामत के असामयिक निधन ने स्तब्ध कर दिया है। मीडिया चेयरपर्सन अर्चना शर्मा, मुमताज मसीह, प्रदेश प्रवक्ता व जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास, रूपेशकांत व्यास, शिवजीलाल मीना, सुनील पारवानी, भवानीशंकर माली, बिरधीचंद शर्मा, रमेश शर्मा ने भी शोक जताया। अर्चना शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को प्रेस क्लब में प्रस्तावित सद्भावना राखी समारोह रद्द कर दिया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो