scriptअभी और तपेगा राजस्थान! चक्रवाती तंत्र हुआ कमजोर, फिर से सूर्यदेव बरपाएंगें कहर | rajasthan-weather-alert-Cyclone system weak and Heat again rajasthan | Patrika News

अभी और तपेगा राजस्थान! चक्रवाती तंत्र हुआ कमजोर, फिर से सूर्यदेव बरपाएंगें कहर

locationजयपुरPublished: May 20, 2019 12:49:18 pm

Submitted by:

abdul bari

अगले 24 घंटे में कुछ जगह धूलभरी हवाएं चलने के संकेत

जयपुर।
प्रदेश में बीते सप्ताह से चल रहा आंधी-अंधड़ और बारिश का दौर फिलहाल सुस्त पडऩे लगा है। चक्रवाती तंत्र कमजोर पडऩे के साथ ही दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने पर गर्मी तीखे तेवर दिखाने लगी है। बादलों की आवाजाही थमने पर अब दिन में फिर से झुलसाती गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 24 घंटे में प्रदेश के एक दो जगहों को छोड़कर शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने और दिन व रात में पारा सामान्य से ज्यादा रहने का अंदेशा है। प्रदेश के उत्तर पश्चिमी इलाकों से होकर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी राज्यों का रुख कर गया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय चक्रवाती तंत्र भी दक्षिण पश्चिमी हिस्सों में सक्रिय है। ऐसे में प्रदेश के उत्तर पूर्वी जिलों में अगले 24 घंटे में गर्मी के तेवर फिर से तीखे रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटे में पश्चिमी राजस्थान में फिर से झुलसाती गर्मी का दौर जारी रहा। दिन का तापमान 40 डिग्री व उससे पार पहुंचने लगा है और दिन में आसमान से अंगारे बरसने लगे हैं। आगामी दिनों में मौसम में बड़े बदलाव से मौसम विज्ञान केंद्र ने इंकार करते हुए अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने के संकेत दिए हैं। राजधानी जयपुर में आज सुबह छह बजे अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा जो सुबह 9.30 बजे चार डिग्री बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ वहीं सुबह हवा की रफ्तार भी थमी रही है। आसमान साफ रहने पर सूर्योदय के साथ ही धूप की तपिश भी अब महसूस होने लगी है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने व गर्मी के तेवर तीखे रहने का अंदेशा है।
बीते चौबीस घंटे में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों का न्यूनतम तापमान सामान्य तापमान के आस पास रेकॉर्ड हुआ है। हालांकि रात के तापमान में अब बढ़ोतरी नजर आने लगी है। फलोदी में सर्वाधिक 31 डिग्री न्यूनतम तापमान आज सुबह रिकॉर्ड हुआ वहीं, माउंट आबू 14 और भीलवाड़ा में रात में पारा 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में बीती रात पारा तीन डिग्री बढ़कर 27.2 डिग्री रेकॉर्ड हुआ जबकि बाड़मेर में बीती रात हुई बूंदाबांदी के बावजूद रात में पारा 27.6 डिग्री रहा है। अलवर 24, श्रीगंगानगर 24.9, पिलानी 24.7, डबोक 25.2, चित्तौड़ 25.4,सीकर 24.5,बीकानेर 28.5, जोधपुर 28 और जैसलमेर का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो