राजस्थान में यहां बदला मौसम, तेज आंधी के बाद जमकर हुई बारिश, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी
प्रदेश में एक बार फिर गुरुवार को कई जगहों पर मौसम बदला। दोपहर के बाद धूलभरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई।

जयपुर। प्रदेश में एक बार फिर गुरुवार को कई जगहों पर मौसम बदला। दोपहर के बाद धूलभरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। उधर, कई जिलों में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं।
एक दिन पहले छाए बादलों के असर से राजधानी जयपुर में कम हुआ तापमान 24 घंटे के अंतराल में ही फिर करीब तीन डिग्री बढ़ गया। शहर में दिन का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ोतरी के साथ 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चूरू में 47 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी हवा और हल्की बारिश की चेतावनी दी है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू के हालात रहने की चेतावनी है।
श्रीमाधोपुर में हुई बारिश
शेखावाटी में मौसम कई रंग दिखा रहा है। चूरू जहां सबसे ज्यादा तप रहा है, वहीं कई इलाकों में अच्छी बारिश भी हो रही है। सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके के बाद अब श्रीमाधोपुर भी तर हो गया। श्रीमाधोपुर में अच्छी बारिश हुई है। इससे भट्टी की तरह तप रहे क्षेत्र को राहत मिली है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।
बीकानेर में आंधी के बाद बारिश
लूणकरनसर क्षेत्र में आंधी के बाद करीब एक घंटे तक बारिश हुई। इससे जहां एक तरफ लोगों को आसमान में छाए धूल के गुब्बार से मुक्ति मिली वहीं गर्मी से भी राहत मिली। बारिश शाम करीब साढ़े पांच बजे शुरू हुई जो करीब एक घंटा चली। इससे पहले आए अंधड़ से लूणकरनसर क्षेत्र में कई जगह पेड़ उखड़ गए और विद्युत तार टूट कर गिर गए।
तेज हवा के साथ हुई बरसात
पनवाड़ कस्बे सहित क्षेत्र के कई गांवों में शाम सवा चार बजे करीब तेज हवा के साथ पन्द्रह मिनट तक बारिश हुई। तेज आंधी के कारण कई पेड़ गिर गए। लोगों के कच्चे घरों के टीन टप्पर उडकर दूर जा गिरे। कोटा खानपुर मार्ग के गुलमोहर चौराहा व चलेट रोड पर पेड़ टूटकर गिर गए। लोगों ने मशकत कर रास्ता बहाल किया ।इसके कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज