जयपुर

राजेंद्र राठौड़ ने CM गहलोत से मांगा इस्तीफा, कह डाली ऐसी बात

Rajasthan Lok Sabha Election Result 2019 : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और उन मन्त्रियों को तत्काल इस्तीफे देने चाहिए, जिनके विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस हारी है…

जयपुरMay 25, 2019 / 11:01 am

dinesh

जयपुर।
प्रतिपक्ष के उपनेता राजेंद्र राठौड़ ( Rajendra Singh Rathore ) ने कहा है कि भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( Narendra Modi ) और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ( Amit Shah ) के कुशल नेतृत्व की जीत है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और उन मन्त्रियों को तत्काल इस्तीफे देने चाहिए, जिनके विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस हारी है। राठौड़ ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि गहलोत के विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा, लोकसभा क्षेत्र जोधपुर, पायलट के विधानसभा क्षेत्र टोंक व लोकसभा क्षेत्र टोंक-सवाईमाधोपुर में कांग्रेस हारी है।
 

वहीं लोक सभा चुनाव के नतीजों को ‘कांग्रेस की नहीं, लोकतन्त्र की हार’ बताकर कांग्रेस के जयपुर शहर अध्यक्ष व परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर किए गए इस कमेंट पर भाजपा के पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने लिखा, यह जनता का अपमान है। इसकेबाद लोगों ने भी खाचरियावास को घेरा। किसी ने उन्हें और कांग्रेस की खिंचाई की तो कोई भाजपा व चतुर्वेदी से उनकी सरकार के कार्यकाल का हिसाब मांगता रहा। हालांकि खाचरियावास ने बाद में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। गौरतलब है कि दोनों सिविल लाइन्स विधानसभा क्षेत्र से एक-दूसरे के सामने चुनाव लड़ चुके हैं।
 

सोशल मीडिया पर किसने क्या लिखा
प्रताप सिंह : जनादेश शिरोधार्य है। परिणाम आश्चर्य जनक हैं, यह कांग्रेस की नहीं लोकतंत्र की हार है। किसी भी व्यक्ति या पार्टी को बेवजह बिना काम के वोट दिया जाएगा तो लोकतंत्र कमजोर होगा। वोट देना चाहिए काम के आधार पर, सच्चाई और ईमानदारी के साथ। मतदाता का फैसला पार्टीबाजी से ऊपर उठकर होना चाहिए। इन नतीजों से लोकतंत्र कमजोर होगा। भाजपा का घमंड सातवें आसमान पर होगा।
 

अरुण चतुर्वेदी: एक तरफ तो जनादेश को शिरोधार्य करते हैं, दूसरी तरफ लोकतंत्र की हार बताकर जनता के निर्णय का अपमान करते हैं। यही कांग्रेस का चरित्र है। झूठे वादे कर वोट लिए, अब जनता ने 5 महीने बाद ही नकार दिया तो दोष जनता पर लगाना मतदाता का अपमान है। लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन है। हमने विनम्रता पूर्वक जनादेश स्वीकारा था, जनता-लोकतंत्र को दोष नहीं दिया।

Home / Jaipur / राजेंद्र राठौड़ ने CM गहलोत से मांगा इस्तीफा, कह डाली ऐसी बात

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.