scriptआरसीए चुनाव : क्रिकेट के पिच पर अजीब सियासत, कांग्रेस का हाथ भाजपा के साथ, भाजपा संग हुई कांग्रेस | RCA election 2019 : amin pathan rameshwar dudi vaibhav gehlot news | Patrika News

आरसीए चुनाव : क्रिकेट के पिच पर अजीब सियासत, कांग्रेस का हाथ भाजपा के साथ, भाजपा संग हुई कांग्रेस

locationजयपुरPublished: Oct 03, 2019 10:24:29 pm

आरसीए चुनाव: कांग्रेस संग भाजपा बनाम भाजपा संग कांग्रेस, जोशी गुट ने भाजपा के अमीन पठान को उतारा-डूडी गुट में कांग्रेस के कटोच और भाजपा के चौधरी व पिंकेश उतरे-पूर्व केन्द्रीय मंत्री चन्द्रेश कुमारी सीएम से मिली

RCA Election 2019

आरसीए चुनाव : क्रिकेट के पिच पर अजीब सियासत, कांग्रेस का हाथ भाजपा के साथ, भाजपा संग हुई कांग्रेस

शादाब अहमद / देवेन्द्र सिंह / जयपुर. राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) ( Rajasthan Cricket Association (RCA) ) चुनाव को लेकर गुरुवार को दिनभर सियासत हुई। क्रिकेट में राजनीतिक घालमेल का आलम यह है कि सीपी जोशी ( CP Joshi ) गुट से भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री अमीन पठान उपाध्यक्ष पद पर खड़े हैं जबकि उनके सामने रामेश्वर डूडी ( Rameshwar Dudi ) गुट से वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जोधपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य चन्द्रेश कुमारी के बेटे एश्वर्य कटोच खड़े हैं। जोशी और डूडी गुट के नेता अपने-अपने समर्थकों के साथ दिनभर रणनीति बनाने में जुटे रहे।
वहीं नाम वापसी के आखिरी समय तक समझौते को लेकर भी दोनों गुटों के कुछ नेता सक्रिय नजर आए। इसी दौरान चन्द्रेश कुमारी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ( CM Ashok Gehlot ) से मुलाकात की। इसके अलावा राज्य के एक कैबिनेट मंत्री भी कटोच को लेकर लॉबिंग करने में लगे रहे। हालांकि अब तक इसका कोई नतीजा नहीं निकला है। ऐसे में अब उपाध्यक्ष पद पर पठान और कटोच आमने-सामने हैं। आरसीए के नए अध्यक्ष और अन्य पदों के चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा।
आरसीए चुनाव में कांग्रेस और भाजपा की अंदरूनी सियासी झगड़े भी सामने आ रहे हैं। चुनाव के केन्द्र में जोधपुर आ गया है। अध्यक्ष पद पर सीधे तौर पर जोधपुर के दो नेता वैभव गहलोत और रामप्रकाश चौधरी आमने सामने हैं। जबकि उपाध्यक्ष पद पर जोधपुर की पूर्व सांसद के बेटे एवं पाली जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष कटोच उतरे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि डूडी-मोदी गुट ने समझौते के लिए उपाध्यक्ष व संयुक्त सचिव का पद मांगा, लेकिन इस पर बात नहीं बन सकी।
डूडी गुट में संयुक्त सचिव पद को लेकर विवाद, दो उम्मीदवार उतरे
डूडी-मोदी गुट में संयुक्त सचिव पद को लेकर झगड़ा हो गया है। उसके गुट से भाजपा नेता पिंकेश जैन और ब्रजकिशोर उपाध्याय दोनों ने नाम वापस नहीं लिया। इसके चलते अब दोनों चुनावी मैदान में डट गए हैं। नांदू ने बताया कि पिंकेश को गुरुवार को नाम वापस लेना था, लेकिन बुखार होने के कारण वह चुनाव अधिकारी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके और उनका नामांकन वापस नहीं लिया जा सका। उन्होंने दावा किया कि पिंकेश अब बृजकिशोर को ही वोट देने की अपील करेंगे। उधर, जोशी गुट के रामपाल शर्मा ने कहा कि डूडी गुट में विवाद के कारण संयुक्त सचिव पद पर पिंकेश का नाम वापस नहीं हो सका।
हंगामे की आशंका
सूत्रों के अनुसार सुबह नौ से 12 बजे तक होने वाले मतदान के दौरान हंगामा होने की आशंका जताई जा रही है। चुनाव से पहले सुबह साढ़े आठ बजे से होने वाली एजीएम भी शांतिपूर्ण होने के आसार नहीं हैं। डॉ. सीपी जोशी और रामेश्वर डूडी गुट दोनों ने एजीएम का नोटिस जारी किया है और नागौर, अलवर और श्रीगंगानगर के पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं। चुनाव अधिकारी आरआर रश्मि ने इन तीनों जिला संघों को अयोग्य घोषित किया हुआ है। हालांकि सवाई मानसिंह स्टेडियम के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े प्रबंध होंगे। पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी और गगन खोड़ा भी मतदान करेंगे।
यह है पैनल

जोशी गुट
अध्यक्ष: वैभव गहलोत ( Vaibhav Gehlot )
सचिव: महेन्द्र शर्मा
उपाध्यक्ष: आमीन पठान
कोषाध्यक्ष: कृष्णकुमार नीमावत
संयुक्त सचिव: महेन्द्र नाहर
कार्यकारिणी सदस्य: देवाराम चौधरी।


डूडी गुट:
अध्यक्ष: रामप्रकाश चौधरी
सचिव: सोमेन्द्र तिवारी
उपाध्यक्ष: ऐश्वर्य कटोच
कोषाध्यक्ष : बृजकिशोर उपाध्याय, पिंकेश जैन
कार्यकारिणी सदस्य रमेश गुप्ता।

वोटर्स को डराया-धमकाया जा रहा है
हमारे वोटर्स को डराया धमकाया जा रहा है। यदि हमारे जिला संघों को परेशान किया गया तो हम चुप नहीं बैठेंगे। हमारे नेता रामेश्वर डूडी खुद भी मतदान के दौरान मौजूद रहेंगे। हमारे पास 22 वोट हैं और हमारी जीत पक्की है।
आरएस नांदू, डूडी गुट
आरोपों में दम नहीं
डराने- धमकाने के आरोपों में कोई दम नहीं है। हम तो शांतिपूर्वक चुनाव चाहते हैं। हमारे पास बहुमत है और 23-24 वोटों के साथ हमारे पूरे पैनल का जीतना तय है। क्रॉस वोटिंग की सम्भावना नहीं है। मुझे त्रिकोणीय मुकाबले में लाभ मिलेगा।
-महेन्द्र नाहर, जोशी गुट
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो