जयपुर

सचिन पायलट ने जोधपुर लोकसभा सीट को लेकर कर दिया ये बड़ा दावा, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

लोकसभा चुनाव के परिणाम को लेकर सट्टा बाजार की रिर्पोटों पर कहा कि भाजपा यह सब मैन्यूप्लेट करती है। उस पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं…

जयपुरMay 18, 2019 / 05:02 am

dinesh

जयपुर।
जोधपुर लोकसभा सीट ( lok sabha election 2019 ) पर कांग्रेस की जीत निश्चित है, उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ( Sachin Pilot ) ने यह दावा किया है। पायलट ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी जोधपुर में कांग्रेस ने 8 में से 6 सीट जीती हैं। वह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गृह जिला है। अब जोधपुर में पार्टी की एतिहासिक जीत होगी। किसी को भी अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। मिशन 25 को पार्टी पूरा करेगी और जोधपुर की सबसे बड़ी जीत होगी।
पायलट शुक्रवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने लोकसभा चुनाव के परिणाम को लेकर सट्टा बाजार की रिर्पोटों पर कहा कि भाजपा यह सब मैन्यूप्लेट करती है। उस पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं। अधिकांश ओपीनियम पोल अब तक गलत साबित होते आए हैं। जनता कांग्रेस सरकार के 3-4 माह के काम को परखेगी। सरकार ने जनहित में अच्छे काम किए हैं। संगठन ने विधानसभा की तरह ही लोकसभा में पूरी ताकत लगाई है। इसका परिणाम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भोपाल से भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने राष्ट्रपिता के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताकर देश का बड़ा अपमान किया है। खुद को राष्ट्रवादी बताने वाली भाजपा और उसके नेताओं का इस बयान से अलग हो जाना काफी नहीं है। प्रज्ञा का बयान दुस्साहस की पराकाष्ठा है। देशभक्ति की बात करने वाली भाजपा के किसी भी बड़े नेता ने उन्हें न तो टोका, न खण्डन करने के लिए कहा। जबकि प्रज्ञा को पार्टी से बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह व अन्य भाजपा नेताओं की पिछले दिनों की बयानबाजी से कांग्रेस सहित अन्य दलों ही नहीं बल्कि समूचे देश में निराशा का वातावरण बना है। गत पांच साल में भाजपा सरकार ने सभी संस्थाओं को कमजोर कर देश में घुटन का माहौल बनाया है।
सरकार बनाने में कांग्रेस की होगी अहम भूमिका
पायलट ने कहा कि विधानसभा की तरह कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में भी पूरी ताकत लगाई। अब तक के 6 चरणों में भाजपा पिछड़ रही है। उ. भारत में भी भाजपा को भारी नुकसान होगा। यूपी में भी उसे सफलता नहीं मिलेगी। दक्षिण भारत में खाता भी नहीं खुलेगा। देश में गैर एनडीए दलों के साथ सरकार बनाने में कांग्रेस अहम भूमिका में रहेगी।
बलात्कार पीडि़ताओं को मिलेगा न्याय
पायलट ने कहा, थानागाजी में चुनाव के कारण मामला दर्ज नहीं करने की बात गलत है। इसे लेकर पीएम गलत तथ्य बता रहे हैं, यह राजनीति का मुद्दा नहीं है। सभी घटनाओं में सरकार पीडि़तों को न्याय दिलाएगी।
पाठ्यक्रम में बदलाव पर न हो राजनीति
पाठ्यक्रम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। कमेटी अपना काम कर रही है। आपत्ति हो तो फीडबैक दिया जा सकता है। पहले नेहरू और महात्मा गांधी के योगदान को कम कर बताने का षड्यन्त्र किया गया।

Home / Jaipur / सचिन पायलट ने जोधपुर लोकसभा सीट को लेकर कर दिया ये बड़ा दावा, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.