scriptसेंसर से नापा जाएगा तापमान, फेस रीडिंग से लगेगी उपस्थिति | screening machine in nagar nigam jaipur | Patrika News

सेंसर से नापा जाएगा तापमान, फेस रीडिंग से लगेगी उपस्थिति

locationजयपुरPublished: May 14, 2020 01:25:47 pm

Submitted by:

Jaya Gupta

– निगम मुख्यालय में स्क्रीनिंग मशीन लगाने की तैयारी

screening machine
जया गुप्ता


जयपुर। नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों व आने-जाने वाले लोगों के शरीर का तापमान सेंसर से मापा जाएगा। इसके साथ ही फेस पहचान (रीडिंग) से कर्मचारियों की उपस्थिति भी दर्ज हो जाएगी। निगम बिल्डिंग के भीतर आने-जाने वालों का डेटा रखे जाने के साथ-साथ स्क्रीनिंग की विशेष मशीन नगर निगम खरीदने की तैयारी कर रहा है। कोरोना संकट काल के बाद संभवतया: शहर में पहली बार इस तरह की मशीन लगाई जा रही है। अभी तक दुबई, सिंगापुर सहित अन्य देशों में ही स्क्रीङ्क्षनग व उपस्थिति एक साथ किए जा सकने वाली विशेष मशीन लगाई गई है। उसी तर्ज पर नगर निगम भी इस मशीन को खरीदने जा रहा है। अभी इसका डेमो लिया जा रहा है।
दरअसल, विशेषज्ञों के अनुसार कोरोना वायरस लम्बे समय तक इंसानों के साथ रहने वाला है। ऐसे में अब लोगों के साथ-साथ सरकारों ने इसके अनुसार अपनी जीवनचर्या ढालने की तैयारी की जा रही है। कोरोना वायरस संक्रमण आने के बाद से दफ्तरों में बायोमिट्रीक हाजिरी बंद है। हाजिरी रजिस्टर में ही की जा रही है। ऐसे में फेस रीडिंग मशीन हाजिरी का नया विकल्प बन सकती है।
————————
अभी थर्मल तापमापी से लिया जा रहा शरीर का तापमान
वर्तमान में ज्यादातर सरकारी दफ्तरों में थर्मल तापमापी से ही आने-जाने वाले लोगों व कर्मचारियों का शरीर का तापमान रेकॉर्ड किया जा रहा है। इसके लिए एक व्यक्ति संबंधित दफ्तर के गेट पर हाथ में थर्मल तापमापी लिए खड़ा रहता है। भीतर जाने वाले व्यक्ति के सिर पर एक फीट की दूरी से लेजर डालकर तापमान लिया जाता है। यह दूरी सोशल डिस्टेंसिंग के लिए बताई गई छह फीट की दूरी से कम है। स्क्रीनिंग मशीन में किसी व्यक्ति को खड़ा रहने की जरुरत नहीं होगी। नगर निगम मुख्यालय में इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लगाया जाएगा।
इस तरह करेगी काम


यह मशीन गेट पर ही लगाए जाने की तैयारी है। मशीन के आगे कर्मचारी को खड़ा होना होगा। मास्क लगे होने के बावजूद वह व्यक्ति को पहचान लेगी। साथ ही तापमान भी रेकॉर्ड कर लेगी। अगर किसी व्यक्ति ने मास्क नहीं पहना तो उसी समय वॉयस अलर्ट आएगा। इसके साथ ही अगर किसी व्यक्ति के शरीर का तापमान एक निश्चित तापमान से अधिक होता है तो भी मशीन उसी समय अलर्ट कर देगी और उसे अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। इस मशीन की कीमत करीब चार लाख रुपए बताई जा रही है।
– कोरोना से बचने के लिए स्क्रीनिंग जरुरी है। इसी कारण पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर मुख्यालय में यह मशीन लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
– अरुण गर्ग, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो