scriptलोकसभा चुनाव लड़ेगा शंभूलाल रैगर! इस पार्टी ने चुनाव लड़ाने का किया ऐलान | Shambhu Lal Regar, Who Lynched Afrazul Khan, May Fight 2019 election | Patrika News

लोकसभा चुनाव लड़ेगा शंभूलाल रैगर! इस पार्टी ने चुनाव लड़ाने का किया ऐलान

locationजयपुरPublished: Sep 19, 2018 12:18:03 pm

Submitted by:

santosh

www.patrika.com/rajasthan-news/

shambhu lal regar
जयपुर। राजस्थान के राजसमंद जिले में पश्चिम बंगाल के एक प्रवासी मजदूर को कैमरे के सामने पीट-पीटकर मार देने का आरोपित शंभूलाल रैगर अगले साल लोक सभा चुनाव लड़ सकता है। उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना ने शंभूलाल रैगर को आगरा से टिकट देने की पेशकश की है। पार्टी ने दावा किया है शंभूलाल रैगर ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है।
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी ने शंभूलाल रैगर को आगरा लोकसभा सीट से अपनी पार्टी के टिकट पर 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है।
अमित जानी का कहना है कि वे काफी दिनों से रैगर के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि हमने रैगर से आगरा से लोकसभा चुनाव लड़ने का आग्रह किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। इस बारे में हम जल्द औपचारिक ऐलान करेंगे।
अमित जानी के अनुसार, शंभूलाल रैगर जोधपुर जेल में रहते हुए ही चुनाव लड़ेंगे। जानी ने कहा कि हमें आगरा संसदीय सीट के लिए एक हिंदू चेहरे की जरूरत थी और अभी हमें उनसे बेहतर कोई विकल्प नजर नहीं आ रहा। आगरा सीट से अभी भाजपा के रामशंकर कठेरिया सांसद हैं।
नवनिर्माण सेना ने अभी यूपी की पांच लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बनाई है। इनमें मथुरा से अमित जानी खुद चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसे अलावा आगरा से शंभूलाल रैगर चुनाव लड़ सकता है। इसके अलावा पार्टी फिरोजाबाद, नोएडा, अलीगढ़ से भी पार्टी चुनावी मैदान में उतरेगी। इन तीनों सीटों के नाम जल्द घोषित कर दिए जाएंगे।
जानी से जब पूछा गया कि क्या गंभीर अपराध के आरोपित से संबंध रखना उनके लिए सहज हाेगा? इस पर उन्होंने कहा कि देश में अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, राजा भैया जैसे लोग चुनाव लड़ सकते हैं, जिन पर कहीं ज्यादा गंभीर आरोप हैं। शाहबुद्दीन जैसे चुनाव लड़ सकते हैं तो फिर रैगर क्यों नहीं लड़ सकते। अमित जानी ने कहा कि शंभूलाल रैगर को तब तक निर्दोष ही माना जाएगा जब तक उनके खिलाफ आरोप साबित न हो जाएं।
मालूम हो कि अमित जानी खुद भी भड़काऊ मामलों में अरेस्ट किए जा चुके हैं। उन्होंने 2016 में फेसबुक पोस्ट के जरिए जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के तत्कालीन छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को जान से मारने की धमकी दी थी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो