scriptभारत के कुछ राज्यों में घट रहे मगर… ऑस्ट्रेलिया में बढ़ रहे हिन्दू! | Some states of India are declining but ... growing Hindus in Australi | Patrika News

भारत के कुछ राज्यों में घट रहे मगर… ऑस्ट्रेलिया में बढ़ रहे हिन्दू!

locationजयपुरPublished: Aug 21, 2018 01:48:21 am

– ऑस्ट्रिेलिया मान रहा भारत की ताकत, बढ़ाएगा निवेश

जयपुर. भारत के कई राज्यों में भले ही हिन्दुओं की संख्या घटने के आंकड़े सामने आते रहे हों लेकिन ऑस्ट्रेलिया के उप उच्चायुक्त आर. हिल्टन की मानें तो ऑस्ट्रेलिया में हिन्दुत्व बढ़ रहा है। ऑस्ट्रेलिया को भारत की बढ़ती ताकत का भी अहसास हो रहा है। इसके मद्देनजर भारत में ऑस्ट्रेलियाई निवेश तथा एक-दूसरे की स्किल्स का फायदा लेने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।
हिल्टन ने सोमवार को यहां पत्रिका से खास बातचीत में यह जानकारी दी। निवेश व एक्सचेंज प्रोग्राम की तैयारियों के सिलसिले में जयपुर आए हिल्टन ने ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों की स्थिति, दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध, पर्यटन व आर्थिक विकास के मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की। हिल्टन ने वीसा 457 के कारण ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों की संख्या घटने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि भारतीयों की संख्या कम होने के बजाय बढ़ी है। भारतीय छात्रों की प्रतिभा और मेहनती प्रवृत्ति के कारण ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों के लिए अवसरों की कमी नहीं है। वहां हिन्दू धर्म के लोगों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में वहां फिर से भारतीय भाषाओं की पढ़ाई पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करते हुए भारत में निवेश को बढ़ावा देगा। चुनाव से जुड़े सवालों पर उन्होंने सीधे तौर पर जवाब देने से इनकार किया लेकिन चुनाव प्रक्रिया व लोकतांत्रिक व्यवस्था में दिलचस्पी जताई।
——————————–
ट्रेड में भारत की ताकत बढ़ी
– पत्रिका : ऑस्ट्रेलिया में वीसा की नई व्यवस्था से भारतीयों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है?
– हिल्टन : वीसा 457 पर वहां सीनेट में चर्चा हो रही है और ऐसी चर्चा चलती रहती है। ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीयों की संख्या कम नहीं होगी बल्कि बढ़ रही है। ऑस्ट्रेलिया इसी साल से पहल करने वाला है, जिसमें शैक्षिक आदान-प्रदान लिए ऑस्ट्रेलियायी छात्र भारत आएंगे। यहां उन्हें स्थानीय भाषा सिखाई जाएगी।
– पत्रिका : जयपुर आने का क्या मकसद है?
– हिल्टन : वर्ष 2035 तक भारत के साथ ट्रेड, शिक्षा, आयात-निर्यात व शिक्षा के क्षेत्र में संबंधों को बेहतर बनाया जाएगा। हाल ही ऑस्टे्रलिया के पूर्व विदेश सचिव पीटर वर्गीस ने भारत में निवेश की संभावना बताते हुए निर्यात बढ़ाने का सुझाव दिया है। इसी के तहत जयपुर में सेमिनार और दौरे होने वाले हैं, जिनका मकसद द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना होगा।
– पत्रिका : ऑस्ट्रेलिया में भारतीय भाषा के विश्वविद्यालयों की संख्या घटी है, क्यों?
– हिल्टन : ऑस्ट्रेलिया में हिन्दुत्व तेजी से बढ़ता धर्म है। इसी कारण भारतीय भाषा-पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। वहां भाषाई पाठ्यक्रमों में कमी का कारण यह रहा कि लोगों में सूचना-प्रौद्योगिकी के प्रति रुझान बढ़ा और भाषा से जुडे पाठ्यक्रम बंद हुए। ऑस्ट्रेलिया के 7 विश्वविद्यालय दुनिया के टॉप 100 विश्वविद्यालयों में शामिल हैं।
– पत्रिका : ऑस्ट्रेलिया का चीन के साथ भारत के मुकाबले 6 प्रतिशत अधिक व्यापार है, क्यों?
– हिल्टन : ऑस्ट्रेलिया की चीन के साथ अधिक नजदीकी है। चीन, भारत, जापान, अमरीका व इण्डोनेशिया से ऑस्ट्रेलिया के व्यापारिक संबंध हैं। सभी में ट्रेड की अच्छी संभावनाएं हैं। भारत व्यापार और निवेश के क्षेत्र में दुनिया की उभरती ताकत है। चीन की ट्रेड पद्धति भारत से अलग है, इसी हिसाब से ध्यान देना होगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो