सोनिया गांधी की ‘रसोई’ राजस्थान की कांग्रेस सरकार से चलती है-पूनियां
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि कांग्रेस की साढे़ तीन प्रदेशों में ही सरकार है और जो राशन-पानी बचा है वो राजस्थान में है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की रसोई राजस्थान की कांग्रेस पार्टी की सरकार से चलती है।

जयपुर।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि कांग्रेस की साढे़ तीन प्रदेशों में ही सरकार है और जो राशन-पानी बचा है वो राजस्थान में है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की रसोई राजस्थान की कांग्रेस पार्टी की सरकार से चलती है। जयपुर देहात उत्तर के कार्यकर्ताओं द्वारा नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जितेन्द्र शर्मा को जिलाध्यक्ष बनने पर पूनियां का आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम उनके निवास पर किया गया।
पूनियां ने कहा कि लगभग 2.41 करोड़ मतदाताओं वाले 21 जिला परिषदों में हुए चुनावों में से 14 में भाजपा का बोर्ड बना, ये राजस्थान के इतिहास में पहली बार है कि विपक्ष में रहते हुए पंचायतीराज चुनाव में भाजपा ने इतनी बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस सरकार के कुशासन से परेशान जनता ने जिला परिषद के चुनावों में कांग्रेस सरकार को नकार दिया। 50 नगर पालिका के चुनावों में 32 को निर्दलीयों को बढ़त मिली, जब गहलोत की इतनी ही लोकप्रियता थी तो फिर कांग्रेस को इन चुनावों में बढ़त क्यों नहीं मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि राजस्थान में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस की सरकार बनने की जो धारणा है, उसकों हम बंद करेंगे। कड़ा परिश्रम कर प्रदेश में हर बार भाजपा की सरकार बनाएंगे। कार्यक्रम में विधायक वासुदेव देवनानी, रामलाल शर्मा, जमावारामगढ़ विधायक प्रत्याशी महेन्द्रपाल मीणा, कोटपुतली विधायक प्रत्याशी मुकेश गोयल, शाहपुरा से देवायुष सिंह और जयपुर देहात उत्तर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपने ही झगड़ों से गिर जाएगी सरकार
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान सम्पूर्ण कर्जामाफी का इंतजार कर रहे हैं। युवा भर्तियों का और संविदाकर्मी नियमितीकरण का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन सरकार इन विषयों के समाधान की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। भाजपा पर मुख्यमंत्री गहलोत सरकार गिराने की साजिश के झूठे आरोप लगाते हैं, लेकिन हकीकत ये है कि इनकी सरकार के अन्दर विग्रह और झगड़ा है, जिसके बोझ से ये सरकार खुद ही गिर जायेगी।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज