जयपुर

राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन हो, सोशल मीडिया पर अपनी राय दे रहे प्रदेश कांग्रेस के नेता

सचिन पायलट और प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग

जयपुरJul 08, 2019 / 12:13 pm

firoz shaifi

CONGRESS

जयपुर। लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद दिल्ली में नए अध्यक्ष के नाम को लेकर मंथन तेज है। हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर आगामी दिनों में प्रस्तावित कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से मुहर लगेगी, कई युवा और वरिष्ठ नेताओं के नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में है। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस के नेता भी अध्यक्ष के नाम को लेकर आगे आए हैं और सोशल मीडिया पर अपनी राय रख हैं कि किसे पार्टी की कमान संभालनी चाहिए।
अजमेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे रिजु झुंझुनवाला ने ट्वीट करते हुए अपनी राय रखी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष किसी युवा को ही बनाना चाहिए, सचिन पायलट इसके लिए सबसे उपयुक्त हैं वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रहें और प्रदेशाध्यक्ष रघु शर्मा को बनाया जाना चाहिए।
 

वहीं प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री रूपेशकांत व्यास ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर ट्विटर पर अपनी राय रखी। रूपेश कांत ने ट्वीट किया कि पार्टी हित में प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं का उनसे सीधा जुड़ाव है और कांग्रेस के हर कार्यकर्ता की यही मांग है कि प्रियंका गांधी को ही अध्यक्ष बनाया जाए। हालांकि कई और नेता भी दबी जुबान में अध्यक्ष को लेकर अपनी राय रख रहे हैं लेकिन वे खुलकर सामने आकर बयान देने से कतरा रहे हैं।

राहुल समर्थक युवा नेताओं के इस्तीफे
वहीं राहुल गांधी के पद से इस्तीफा देने के बाद उनके करीबी और समर्थक नेताओं की ओर से पदों से इस्तीफा देने का सिलसिला जारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष के मिलिंद देवड़ा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव और अखिल भारतीय कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन राउत लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पदों से इस्तीफा दे चुके हैं।
 

 

Home / Jaipur / राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन हो, सोशल मीडिया पर अपनी राय दे रहे प्रदेश कांग्रेस के नेता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.