script

बाघों को राहत मिलने का रास्ता साफ, सरिस्का पैलेस होटल बंद करेगी राज्य सरकार

locationजयपुरPublished: Mar 14, 2020 06:51:33 pm

Submitted by:

Subhash Raj

जयपुर. कोर एरिया में बाघों की शांति भंग करने वाले सरिस्का पैलेस में होटल का संचालन बंद किया जाएगा। इससे सरिस्का बाघ अभयारण्य के बीचोंबीच पर्यटकों की खुली आवाजाही कम हो जाएगी। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि कोर एरिया में संचालित इस होटल से बाघों की शांति भंग होती है और उनके जीवन पर खतरा भी बढ़ जाता है।

बाघों को राहत मिलने का रास्ता साफ, सरिस्का पैलेस होटल बंद करेगी राज्य सरकार

बाघों को राहत मिलने का रास्ता साफ, सरिस्का पैलेस होटल बंद करेगी राज्य सरकार

सरिस्का पैलेस का संचालन अभी शिब्बा व्हील्स नामक कम्पनी कर रही है। अभयारण्य के कोर और बफर एरिया में होटलों के संचालन सम्बंधी एक सवाल के जवाब में राज्य के वन राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई ने विधानसभा में बताया कि अलवर जिले में स्थित सरिस्का अभ्यारण्य क्षेत्र में पांच निजी होटल संचालित हैं और वे एक अप्रैल 2003 से पहले के निर्मित हैं। इसके बाद किसी होटल का निर्माण नहीं हुआ है। टाइगर रिजर्व कोर एरिया में एक होटल संचालित है। राज्य सरकार द्वारा गुजरात की तर्ज पर सरिस्का अभयारण्य में होली डे होम अथवा गेस्ट हाउस निर्माण की वर्तमान में कोई योजना नहीं है।
सरिस्का अभयारण्य क्षेत्र में संचालित पांच निजी होटलों में से सरिस्का पैलस का निर्माण राजा महाराजाओं के समय में हुआ है, जिसे वर्तमान में मैसर्स शिब्बा व्हील्स प्राइवेट लि. द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसे निरस्त करने की कार्रवाई की जारी है। होटल टाइगर हेवन तथा होटल बैरावास में कोर्ट द्वारा स्थगन आदेश दिए गए हैं। होटल टाइगर हेवन के प्रकरण में अगली पेशी की तारीख 17 मार्च निर्धारित है। होटल टाइगर डैन आर.टी.डी.सी द्वारा संचालित है। इस होटल को 17 मई, 1975 को वन विभाग द्वारा आर.टी.डी.सी को सौंप दिया गया था। होटल सरिस्का ढ़ाणी का संचालन वर्तमान में बंद है तथा सरिस्का टाइगर रिजर्व कोर एरिया में एक होटल अमनबाग संचालित है, जिसका मामला वर्तमान में अजमेर न्यायालय में लंबित है। वर्तमान में बिना अनुमति के किसी भी होटल अथवा रिसोर्ट का निर्माण नहीं किया जा रहा है।

ट्रेंडिंग वीडियो