जयपुर

प्रदेश की बड़ी आबादी दहशत में, क्या यही रामराज्य है?

अखिलेश यादव ने उत्तरप्रदेश सरकार पर लगाए आरोपसीएम योगी के बयान को बताया, गरिमा के प्रतिकूल

जयपुरFeb 21, 2020 / 02:02 pm

Sharad Sharma

प्रदेश की बड़ी आबादी दहशत में, क्या यही रामराज्य है?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था दिन-पर-दिन बिगड़ती जा रही है। पुलिस हिरासत में सबसे ज्यादा हत्याएं उत्तर प्रदेश में हुई हैं। फर्जी एनकाउंटर पर मानवाधिकार आयोग की नोटिस यूपी सरकार को मिली है। ग्राम ढोकरी प्रयागराज में महिला और उसके पति को मिट्टी का तेल डालकर जला दिया गया। बच्चियों से बलात्कार की खबरें रोज ही मिल रही हैं, क्या यही रामराज्य है?
अखिलेश यादव लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में एकत्र कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार को गौमाता की भी चिंता नहीं। गौशालाओं में चारा-पानी के अभाव में वे मर रही हैं। भाजपा सरकार दावा करती है कि दो लाख करोड़ निवेश आया है इसकी सच्चाई क्या है, निवेश के आंकड़े क्यों छुपाए जा रहे हैं। एमओयू के बाद कहां कौन से उद्योग लगे, एमओयू को ही निवेश नहीं मान लेना चाहिए। उन निवेशकों को दी गई सुविधाओं, राहत इन्सेन्टिव व सब्सिडी का ब्यौरा सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर धोखे की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का दावा किया गया है, पर इसकी कोई रूपरेखा नहीं आई है। इसी तरह किसानों की आय 2022 तक दोगुनी कैसे होगी, ये भी स्पष्ट नहीं किया गया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के कारण अराजकता व्याप्त है। प्रदेश की बड़ी आबादी दहशत में है। दबंगों ने गरीबों का जीना दुश्वार कर रखा है। अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा के अहंकार से परेशान जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी और उसकी सरकार के समय हुए तमाम विकास कार्यों पर है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के 351 विधायकों के साथ जनता के बल पर फिर समाजवादी सरकार बनेगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो सड़क पर आया था मरने के लिए आया था, मुख्यमंत्री जी का यह कथन पद की गरिमा के प्रतिकूल निम्नस्तरीय है। यह भाषा अलोकतांत्रिक है, जितने लोग मरे हैं वे पुलिस की गोली से मरे हैं। समाजवादी सरकार में इसके दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों को सजा दी जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में नागरिकों के अधिकारों को कुचला जा रहा है। लोकतंत्र में धमकी और अहंकार के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.