जयपुर

छात्रसंघ चुनाव : प्रशासन की सख्ती से नाराज महारानी कॉलेज की छात्राएं, ऐसे बताई अपनी पीड़ा

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

जयपुरAug 28, 2018 / 09:30 pm

pushpendra shekhawat

छात्रसंघ चुनाव : प्रशासन की सख्ती से नाराज महारानी कॉलेज की छात्राएं, ऐसे बताई अपनी पीड़ा

जयपुर। छात्रसंघ चुनाव के नजदीक आते ही महारानी कॉलेज प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कॉलेज में प्रवेश करने के बाद छात्राओं को दो बजे बाद ही निकाला जा रहा है। इसके चलते कॉलेज गेट पर गार्ड के अलावा अतिरिक्त स्टॉफ लगा रखा है। विशेष परिस्थितियों में अगर छात्रा को कॉलेज से बाहर जाना पडे तो प्रशासन की अनुमति के बाद ही जाना पड रहा है। जिससे छात्राओं में काफी आक्रोश है।
 

छात्राओं का कहना है कि जिन छात्राओं की क्लास प्रात: 8 से 10 बजे तक की है उन्हें भी कॉलेज प्रशासन की जबरदस्ती के चलते दोपहर 2 बजे तक रुकना पड़ रहा है। जिससे काफी समय व्यर्थ जा रहा है। वहीं प्रचार के लिए आने वाले प्रत्याशियों के साथ सिर्फ एक ही व्यक्ति को प्रवेश निर्धारित कर रखा है। इसके अलावा प्रशासन ने स्केनर मशीन भी लगा रखी है।

सबकी निगाहें महारानी कॉलेज पर
राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को जीतने के लिए प्रत्याशी तरह—तरह के जतन कर रहे हैं। जीत हासिल करने के लिए सभी की निगाहें महारानी कॉलेज पर है। कारण, महारानी कॉलेज में ही सबसे ज्यादा मतदाता है। यहां छात्र मतदाताओं की संख्या 6390 है। इसीलिए एबीवीपी, एनएसयूआई व निर्दलीय प्रत्याशियों का ज्यादातर समय डेरा यहीं लगा हुआ है। इन मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रत्याशी तरह-तरह के पैतरे अपना रहे हैं।
 

14 पोलिंग स्टेशन के 93 पोलिंग बूथों पर होगा मतदान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. वी.वी. सिंह ने बताया कि मतदान के लिए 14 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें से 9 पोलिंग स्टेशन विवि परिसर के भीतर और 5 पोलिंग स्टेशन संघटक कॉलेजों में बनाए गए हैं। इन 14 पोलिंग स्टेशन पर 93 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। विवि परिसर में पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने के लिए मतदान के दिन बसें लगाई जाएंगी। इनके अतिरिक्त निजी वाहनों को विवि परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही विवि व कॉलेज के भीतर मोबाइल फोन भी वर्जित रहेगा।

Home / Jaipur / छात्रसंघ चुनाव : प्रशासन की सख्ती से नाराज महारानी कॉलेज की छात्राएं, ऐसे बताई अपनी पीड़ा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.