Swami Vivekananda Jayanti 2021: मोदी-बिरला-गहलोत सहित राजनेताओं ने भी किया स्वामी विवेकानंद को नमन
Swami Vivekananda Jayanti 2021 - स्वामी विवेकानंद जयंती आज, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित राजनेताओं ने किया नमन, देश की उन्नति में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील, विभिन्न दलों के नेताओं ने सोशल मीडिया पर जारी किए सन्देश

जयपुर।
स्वामी विवेकानंद जयंती ( Swami Vivekananda Jayanti 2021 ) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें याद करते हुए नमन किया है। साथ ही युवाओं से स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व और कृतित्व को आत्मसात करते हुए देश की उन्नति में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की है।
स्वामीजी के विचार-सन्देश जन-जन तक फैलाएं: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों के लिए जारी संदेश में स्वामी विवेकानंद के विचार और सन्देश जन-जन तक फैलाने की अपील की है। उन्होंने एक ट्वीट सन्देश में नमो ऐप में आज के दिन किये गए एक रचनात्मक प्रयास का भी ज़िक्र किया। उन्होंने आमजन से इस ऐप के माध्यम से अपने विचार और व्यक्तिगत संदेश साझा करने की भी अपील की।
स्वामीजी के विचार आज भी कर रहे मार्गदर्शित: बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए कहा कि स्वामीजी देश के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के अग्रदूत थे। वे एक व्यक्ति नहीं बल्कि सम्पूर्ण संस्था थे जिसने भारत की आत्मा को पहचान उसे अपना स्वर दिया। उनके विचार आज भी गतिमान हैं और हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं।
बिरला ने कहा कि स्वामीजी की जयंती युवाशक्ति-युवा सामर्थ्य के उत्सव का दिन है। युवाओं में वह आत्मविश्वास है जो असंभव को संभव बना सकता है। आज के दिन युवा देश के पुनरूत्थान व संविधान को सशक्त बनाने के लिए अपनी ऊर्जा और शक्ति के सकारात्मक उपयोग को संकल्पित हों।
स्वामीजी के आदर्श-सीख देते हैं सकारात्मक ऊर्जा: गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए याद किया है। उन्होंने अपने सन्देश में कहा कि आज के दिन स्वामी विवेकानंद के आदर्श और सीख युवाओं को दृढ़ संकल्प और सकारात्मक ऊर्जा के साथ उच्चतम लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
सीएम गहलोत ने राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाई जा रही स्वामीजी की जयंती पर युवाओं को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में युवा शक्ति की भूमिका पर स्वामीजी विशवास करते थे। लिहाजा युवा ऊर्जा, उत्साह और कौशल के साथ सकारात्मक दिशा में योगदान कर सकते हैं।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज