scriptराजस्थान समेत तीनों कांग्रेस शासित प्रदेशों की झांकी दिखेगी राजपथ पर | tableau of Rajasthan on Rajpath, 26 january 2020 | Patrika News

राजस्थान समेत तीनों कांग्रेस शासित प्रदेशों की झांकी दिखेगी राजपथ पर

locationजयपुरPublished: Dec 30, 2019 02:47:38 pm

Submitted by:

santosh

सीएए व एनआरसी के विवाद के बीच कांग्रेस शासित राजस्थान, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ तीनों प्रदेशों की झांकी इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में राजपथ पर दिखाई देगी।

republic_day_2020.jpg

फोटो- प्रतीकात्मक तस्वीर

जयपुर। सीएए व एनआरसी के विवाद के बीच कांग्रेस शासित राजस्थान, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ तीनों प्रदेशों की झांकी इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में राजपथ पर दिखाई देगी। इसके लिए रक्षा मंत्रालय ने तीनों प्रदेशों को हरी झंडी दे दी है। गत वर्ष तीनों प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद किसी भी राज्य की झांकी को परेड में स्थान नहीं मिला था। इसे लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा था। इस साल तीनों ही प्रदेशों की झांकियों का चयन किया गया है। ऐसे में यह भी समझा जा रहा है कि केंद्र सरकार तीनों राज्यों से रिश्ते सुधारने का प्रयास कर रही है।

 

इन 16 राज्यों की झांकियां दिखेंगी राजपथ पर
आंध्रप्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, मेघालय, ओडीशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश।

 

समान पार्टी की सरकार रही तब मिला अधिक प्रतिनिधित्व
पिछले दो दशकों में राजपथ पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व तब अधिक दिखा, जब राज्य और केंद्र में समान पार्टी की सरकार रही। प्रदेश की सर्वाधिक झांकियां 2009 से 2013 के बीच शामिल हुई। इस दौरान प्रदेश में कांग्रेस और केंद्र में यूपीए की सरकार थी। इस बीच केवल 2011 में प्रदेश की झांकी शामिल नहीं हुई। वर्ष 2004 से 2008 के बीच प्रदेश में भाजपा की सरकार थी जबकि केंद्र में यूपीए की। ऐसे में केवल 2005 में झांकी को परेड में स्थान मिला। वर्ष 2015 से 2019 के बीच भी केंद्र व राज्य में अलग-अलग दलों की सरकार थी तो केवल एक बार ही राज्य की झांकी परेड में दिखाई दी थी।

 

इस साल दिखेगा जयपुर का परकोटा
वर्ष 2019 में यूनेस्को की हैरिटेज साइट में शामिल हुआ परकोटा राजपथ पर झांकी में दिखाई देगा। इसमें सबसे आगे स्टेच्यू सर्कल पर बनी सवाई जयसिंह की छतरी दिखाई देगी। उसके बाद परकोटे के झरोखे अलग-अलग अंदाज में दिखेंगे। डिजाइन में त्रिपोलिया गेट, चंद्रमहल के दरवाजे आदि को शामिल किया गया है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो