जयपुर

कांग्रेस सदस्यता अभियान की लॉन्चिंग 1 नवंबर को , 5 माह में 10 लाख सदस्य बनाने का टारगेट

-सोमवार 1 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी अजय माकन और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा करेंगे अभियान का आगाज, मंत्रियों-विधायकों, विधानसभा प्रत्याशी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष और पीसीसी पदाधिकारी होंगे शामिल, 31 मार्च 2022 तक चलेगा सदस्यता अभियान

जयपुरOct 31, 2021 / 10:10 am

firoz shaifi

जयपुर। कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान की लॉन्चिंग सोमवार 1 नवंबर को एक साथ देशभर में शुरू होने जा रही है। प्रदेश में भी सोमवार को पीसीसी मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी अजय माकन और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा सदस्यता अभियान की लॉन्चिंग करेंगे। सदस्यता अभियान 31 मार्च 2022 तक चलेगा। इन 5 माह में प्रदेश कांग्रेस का 10 लाख सदस्य बनाने का टारगेट है, जिसके तहत प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 5 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

पीसीसी में सोमवार को 11 बजे होगी लॉन्चिंग
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सोमवार 1 नवंबर को सुबह 11 बजे सदस्यता अभियान की लॉन्चिंग होगी। प्रदेश प्रभारी अजय माकन, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा अभियान की लॉन्चिंग करेंगे। लॉन्चिंग कार्यक्रम में सरकार के मंत्रियों-विधायकों, निवर्तमान जिलाध्यक्षों, प्रदेश कार्यकारिणी और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे नेताओं को बुलाया गया है।

पहली बार डिजिटल फॉर्मेट में मेंबरशिप
कांग्रेस में ऐसा पहली बार हो रहा है जब सदस्यता अभियान डिजिटल फॉर्मेट में किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस का सदस्य बनने के लिए डिजिटल फॉर्मेट को भी भरकर सबमिट करना होगा। इसके बाद कांग्रेस के सदस्य बन पाएंगे। इससे पहले कांग्रेस का सदस्यता ऑफलाइन हुआ करता था।

फॉर्मेट में बने हैं 10 नियम
वहीं कांग्रेस का सदस्य बनने के लिए 10 नियमों की पालना करनी होगी। जिसमें मादक पेय और नशीले पदार्थों से दूर रहने, खादी पहनने, 18 साल से अधिक उम्र की आयु, सामाजिक भेदभाव हटाने, धर्म जाति भेदभाव नहीं करने, समाज विश्वास पैदा करना, निर्धारित सीमा से अधिक जायदाद नहीं होना, धर्मनिरपेक्षता-समाजवाद और जनतंत्र के सिद्धांतों विश्वास रखना जैसे कई नियम हैं।


16 अप्रैल को होगा ब्लॉक अध्यक्ष और पीसीसी मेंबर्स का चुनाव
सदस्यता अभियान संपन्न होने के बाद 16 अप्रैल से लेकर 31 मई 2022 तक ब्लॉक अध्यक्षों और पीसीसी मेंबर का चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद 1 जून से लेकर 20 जुलाई 2022 तक जिलाध्यक्षों, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और जिला कार्यकारिणी के चुनाव होंगे।

21 जुलाई से पीसीसी अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम
दूसरी ओर जिलाअध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी के चुनाव के बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2022 के बीच प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी और एआईसीसी मेंबर के चुनाव कराए जाएंगे और उसके बाद 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.