scriptजयपुर को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी का तमगा मिलते ही नगर निगम ने क्यों बंद कर दिया ‘तीज उत्सव’, जानिए | teej utsav Jaipur : jmc not celebrating teej today, know | Patrika News

जयपुर को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी का तमगा मिलते ही नगर निगम ने क्यों बंद कर दिया ‘तीज उत्सव’, जानिए

locationजयपुरPublished: Aug 03, 2019 11:40:11 am

Submitted by:

Pawan kumar

— इस बार तालकटोरा पर निगम नहीं मनाएगा पारम्परिक तीज

teej utsav@jaipur

teej utsav@jaipur

फोटो विजुअल प्रवीण वर्मा
जयपुर। देश—दुनिया में अपनी विशेष स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत के लिए पहचान रखने वाले गुलाबी नगर जयपुर को यूनेस्को ने वर्ल्ड
हेरिटेज सिटी का दर्जा दिया है। वर्ल्ड हेरिटेज सिटी का दर्जा मिलने से दुनियाभर में जयपुर का मान बढ़ा है। लगता हैै नगर निगम को गुलाबी नगर को मिला मान सम्मान रास नहीं आया है। वर्ल्ड हेरिटेज सिटी घोषित होते ही नगर निगम ने जयपुर का पारम्परिक तीज उत्सव मनाना बंद कर दिया। इस बार निगम की ओर से तालकटोरा पर मनाया जाने वाला उत्सव नहीं मनेगा।
सांस्कृतिक समिति का प्रस्ताव अधिकारियों ने नहीं माना
नगर निगम की सांस्कृतिक समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि एक महीने पहले ही तीज उत्सव के लिए कार्यक्रमों के प्रस्ताव बनवाकर अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय को भिजवा दिए थे। अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय को कई बार तीज उत्सव के आयोजनों को वित्तीय मंजूरी देने का आग्रह किया गया। लेकिन निगम प्रशासन ने तीज उत्सव कार्यक्रमों को मंजूरी नहीं दी। इसके कारण निगम की सांस्कृतिक समिति इस बार तीज उत्सव को भव्य तरीके से नहीं मना पाएगी। नगर निगम प्रशासन तीज की पारम्परिक सवारी के लिए जो आवश्यक व्यवस्थाएं करनी होती हैं, वही करेगा।
मेला नहीं, सिर्फ सफाई करवाई
नगर निगम की ओर से पारम्परिक तीज उत्सव मनाने की परम्परा रही है। सिंजारा से लेकर तीज मेले तक निगम झूले लगवाने, मेंहदी प्रतियोगिता, लहरिया प्रतियोगिता और लोक कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था करता आया है। लेकिन इस बार निगम ने ना तो बड़े पैमाने पर झूले लगाए हैं। और ना ही मेंहदी उत्सव का आयोजन किया है और ना ही सिंजारा उत्सव या लहरिया उत्सव मनाया। निगम प्रशासन इस बार तालकटोरा पर सिर्फ साफ सफाई करवा रहा है और जयपुर की प्रसिद्ध तीज की सवारी के लिए लाइटिंग की व्यवस्था कर रहा है। आज तीज के दिन तालकटोरा पर उस तरह की रौनक नजर नहीं आएगी, जैसी 2018 की तीज के दौरान नजर आई थी।
सभी वार्डों में झूले लगाने की थी योजना
नगर निगम की सांस्कृतिक समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार जयपुर को यूनेस्को से वर्ल्ड हेरिटेज सिटी का दर्जा मिलने की खुशी में तीज उत्सव भव्य तरीके से मनाने की योजना थी। शहर के सभी 91 वार्डों के एक—एक पार्क में नगर निगम की ओर से झूले लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। ताकि शहर के सभी वार्डों की महिलाएं तीज के दिन झूला झूलने की परम्परा का निभा सकें। लेकिन निगम प्रशासन ने यह प्रस्ताव भी मंजूर नहीं किया।
वर्जन

सांस्कृतिक समिति ने जयपुर को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी का दर्जा मिलने की खुशी में तीज उत्सव को भव्य तरीके से मनाने की योजना बनाई थी। प्रस्ताव अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय को भिजवाए गए, लेकिन मंजूरी नहीं मिली। महापौर से भी कई बार आग्रह किया पर कोई नतीजा नहीं निकला। इस बार निगम तीज उत्सव नहीं मना रहा है।
मोहनलाल मीना, अध्यक्ष, सांस्कृतिक समिति, नगर निगम जयपुर
नगर निगम पिछले साल की तरह इस बार तीज उत्सव नहीं मनाएगा। निगम प्रशासन तीज की सवारी के लिए तालकटोरा की सफाई करवा रहा है और शाम के लिए लाइटिंग की व्यवस्था करेगा। सांस्कृतिक समिति ने प्रस्ताव तो भिजवाए थे, उन्हें मंजूर नहीं किया जा सका।
अरूण गर्ग, अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय, नगर निगम जयपुर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो