जयपुर

गुलाबीनगर में बदल रहा मौसम का मिजाज

दिन में धूप की तपिश, रात में सर्दी का अहसासआगामी एक सप्ताह में दिन के तापमान में होने लगेगी गिरावट

जयपुरOct 27, 2020 / 12:35 pm

SAVITA VYAS

गुलाबीनगर में बदल रहा मौसम का मिजाज

जयपुर। हवा का रूख बदलते ही रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। इससे मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के साथ ही अब दस से ज्यादा जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग जयपुर केंद्र के मुताबिक पूरे सप्ताह प्रदेश में कोटा, सवाईमाधोपुर, जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमर, चुरू, गंगानगर, भरतपुर व अलवर सहित अन्य जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा।
राजधानी का मौसम रहा साफ

राजधानी जयपुर में आज सुबह मौसम साफ रहा। धूप निकलने के साथ ही तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीती रात का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का न्यूनतम तापमान बीते पांच दिन में सबसे कम दर्ज किया गया। यह 19.5 डिग्री रहा। वहीं प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान चुरू का 36.3, बाड़मेर का 36.2, सीकर का 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के चुरू, श्रीगंगानगर, पिलानी, चितौड़, भीलवाड़ा, वनस्थली में न्यूनतम पारा 17 डिग्री के आस-पास दर्ज किया गया।
गर्मी से मिल रही राहत

दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में तापमान में भारी गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान जहां दिन का तापमान करीब 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है तो वहीं रात के तापमान में करीब 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

Hindi News / Jaipur / गुलाबीनगर में बदल रहा मौसम का मिजाज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.