शोमैन का फैन '...राज कपूर हो गया'
जयपुरPublished: Feb 06, 2023 12:59:01 am
Film promotion : जयपुर आए अभिनेता-निर्देशक मानव सोहल और अभिनेत्री श्रावणी गोस्वामी


शोमैन का फैन '...राज कपूर हो गया'
जयपुर. शोमैन राज कपूर... इस नाम का जिक्र होते ही जेहन में 'आग', 'बरसात', 'अंदाज', 'आवारा', 'श्री 420', 'अनाड़ी', 'जिस देश में गंगा बहती है', 'छलिया', 'संगम', 'तीसरी कसम', 'मेरा नाम जोकर' सरीखी फिल्मों की 'रील' चलने लगती है। अब 17 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म 'मैं राज कपूर हो गया...' दर्शकों को नॉस्टैल्जिया का एहसास कराएगी। मानव सोहल अभिनीत-निर्देशित इस फिल्म में राज कपूर की 'छवि' नजर आएगी, मगर यह फिल्म राज कपूर पर नहीं है बल्कि सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह कहानी उनके एक फैन की है। अपनी को-स्टार श्रावणी गोस्वामी के साथ फिल्म का प्रमोशन करने जयपुर आए मानव का कहना है, 'मैं बचपन से ही राज कपूर का बड़ा प्रशंसक रहा हूं। इस फिल्म की कहानी मुंबई में चॉल में रहने वाले राज कपूर के एक फैन के इर्द-गिर्द बुनी गई है। उसे राज कपूर की फिल्में, उनके निभाए किरदार और उनकी फिल्मों के गाने व डायलॉग्स बेहद पसंद हैं। वह खुद 'राज कपूर' हो गया है और उनके ही गेटअप में रहता है। वह राज कपूर को अपना सब कुछ मानता है। यह कॉमन मैन की कहानी है, जैसी अक्सर राज कपूर की फिल्मों में होती थीं। इस फिल्म के जरिए मैंने राज कपूर की फिल्मों की फिलॉसफी को परदे पर पेश करने की कोशिश की है। राज कपूर की परफॉर्मेंस में सादगी होती थी। वे दिल से बोलते थे, इसलिए उनकी बात दूसरे के दिल तक सीधे पहुंचती थी। वे एक आम आदमी के चरित्र को बड़ी सहजता से परदे पर प्रस्तुत करते थे। कोरोना काल ने हमें रिश्तों और अपनों की अहमियत समझाई है। हमारी यह फिल्म भी रिश्ते, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देती है। इस फिल्म के जरिए हम राज कपूर को ट्रिब्यूट दे रहे हैं।'