जयपुर

जयपुर लोकसभा सीट पर भाजपा-कांग्रेस के सामने ये बड़ी चुनौती… आज झोंकेंगे प्रचार में पूरी ताकत

जयपुर में बुधवार को सीएम भजनलाल, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई बड़े नेताओं ने की सभाएं और रोड शो आयोजित होंगे।

जयपुरApr 17, 2024 / 07:49 am

Lokendra Sainger

भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही जयपुर सीट पर इस बार चुनाव प्रचार की रणनीति विधानसभा चुनाव नतीजों के राजस्थान पत्रिका आधार पर तैयार की है। कांग्रेस ने प्रदेश की अपनी सबसे बड़ी हार वाले विद्याधर नगर इलाके में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान से राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सभा करवाकर चुनावी बिगुल बजाया। जबकि, भाजपा ने परकोटे में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो करवाकर प्रचार का दम भरा।
इस इलाके की तीन में से दो सीट कांग्रेस और एक भाजपा के पास है । तीसरी सीट पर भाजपा प्रत्याशी की जीत एक हजार से भी कम मतों से हुई थी। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तीन दिन से जयपुर के अलग-अलग इलाकों में सभाएं कर मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रहे हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी मंगलवार को जयपुर के खो नागोरियान इलाके में सभा की। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने विधानसभा क्षेत्र सांगानेर के मानसरोवर में रोड शो कर चुके हैं।

भाजपा के लिए परकोटे की तीन सीटें चुनौती

कभी भाजपा के लिए आसान रहा परकोटा क्षेत्र अब मुश्किल बनता जा रहा है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां की तीनों सीट कांग्रेस के पक्ष में चली गई थीं। वर्ष 2023 के चुनाव में भी भाजपा को बड़ी राहत नहीं मिली और तीन में से दो कांग्रेस के खाते में चली गई। तीसरी सीट भी भाजपा बड़ी मुश्किल से जीत पाई। भाजपा इस बार यहां बढ़त लेने की कोशिश में जुटी हुई हैं।

कांग्रेस की मुश्किल बने तीन भाजपाई गढ़

जयपुर सीट परंपरागत तौर पर भाजपा का गढ़ मानी जाती है। गिरधारीलाल भार्गव यहां से लगातार सांसद रहे। उनके निधन के बाद वर्ष 2009 में हुए चुनाव में कांग्रेस के महेश जोशी ने भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी को हराकर इस सीट को भाजपा से छीन ली। लेकिन, वर्ष 2014 और 2019 के चुनाव में भाजपा ने फिर से लगातार जीत दर्ज की। कांग्रेस के लिए विद्याधर नगर, मालवीय नगर और सांगानेर क्षेत्र सबसे मुश्किल हैं।

आज झोंकेंगे प्रचार में पूरी ताकत

प्रचार के अंतिम दिन बुधवार को कांग्रेस जयपुर शहर में रोड शो करने की तैयारी कर रही है। जिसमें गहलोत, पायलट और प्रदेश प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा शामिल हो सकते हैं। भाजपा भी पार्टी के बड़े नेताओं को अलग-अलग क्षेत्र में प्रचार की कमान सौंपने की तैयारी कर रही है।

Hindi News / Jaipur / जयपुर लोकसभा सीट पर भाजपा-कांग्रेस के सामने ये बड़ी चुनौती… आज झोंकेंगे प्रचार में पूरी ताकत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.