script

कोरोना का कहर, आज से 2 दिन वीकेंड लॉकडाउन,  आवश्यक सेवाओं को रखा बाहर

locationजयपुरPublished: Apr 16, 2021 11:00:13 am

Submitted by:

firoz shaifi

-आज शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक रहेगा वीकेंड लॉकडाउन, कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते सरकार ने उठाया बड़ा कदम, कोरोना पर नियंत्रण नहीं लगा तो बढ़ सकता है लॉकडाउन का दायरा

ashok gehlot

ashok gehlot

जयपुर। प्रदेश में लगातार हो रहे कोरोना विस्फोट के चलते आखिरकार सरकार को वीकेंड लॉकडाउन के लिए मजबूर होना पड़ा है। अभी तक लॉकडाउन लगाने से इनकार करते रहे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी देर रात वीकेंड लॉकडाउन का फैसला लेना पड़ा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की जनता से कोरोना गाइड लाइन की पालना करने और वीकेंड लॉकडाउन में सहयोग करने की अपील की है। वीकेंड लॉकडाउन आज शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक रहेगा। हालांकि चुनाव वाले जिलों को वीकेंड लॉकडाउन से बाहर रखा गया है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा
वहीं वीकेंड लॉकडाउन की घोषणा होते ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में आज पुलिस के गश्ती वाहनों के जरिए दुकानदारों, व्यापारियों और आमजन से 5 बजे तक अपने अपने घरों को लौटने की अपील की जा रही है। प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग के जरिए मोर्चा संभाला है साथ ही लोगों से अपील की है कि वह आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी अन्य चीज के लिए बाहर ना निकले।

काबू नहीं हुआ तो बढ़ेगा लॉकडाउन का दायरा
सरकार से जुड़े सूत्रों की माने तो वीकेंड लॉकडाउन के बावजूद भी अगर कोरोना पर लगाम नहीं लग पाती है तो सरकार लॉक डाउन का दायरा बढ़ा सकती है। गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण को लेकर लगातार हो रही समीक्षा बैठकों के अंदर भी सरकार को लॉकडाउन लगाने के सुझाव आए थे लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों की रोजी-रोटी के संकट को देखते हुए लॉकडाउन लगाने से इनकार कर दिया था और सख्ती बढ़ाने की बात कही थी।

रमजान के पहले जुमे की नमाज आज
वहीं दूसरी ओर बुधवार से शुरू हुए रमजान माह के पहले जुमा भी आज है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए मुस्लिम उलेमाओं ने मुस्लिम समाज से मस्जिदों की बजाए घरों में ही नमाज अदा करने की अपील की है। प्रशासन की तरफ से लोगों से घरों में पूजा, इबादत की अपील की जा रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो