कांग्रेस के दिग्गज नेता माधव सिंह सोलंकी का निधन, CM गहलोत ने जताया शोक
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मिश्र ने अपनी शोक संवेदना में दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
गहलोत ने कांग्रेस के दिग्गज नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर दुख जताते हुए भगवान से उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों को यह नुकसान सहन करने शक्ति देने तथा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी सोलंकी के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सोलंकी ने जनसेवा के पथ पर चलते हुए गुजरात के विकास में अमूल्य योगदान दिया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता माधव सिंह सोलंका का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। सोलंकी चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। वे एक बार भारत के विदेश मंत्री भी रह चुके हैं। गुजरात की राजनीति और जातिगत समीकरणों के साथ प्रयोग के लिए सोलंकी जाने जाते थे।
1980 के दशक में वे क्षत्रिय, हरिजन, आदिवासी और मुस्लिम चार वर्गों को एक साथ जोड़ा और प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आए। माधव सिंह सोलंकी पेशे से वकील थे। लेकिन गुजरात की राजनीति में एक समय उनका प्रभुत्व था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माधव सिंह सोलंकी के निधन पर दुख जताया है और ट्वीट कर शोक प्रकट किया है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज