अखंड रामधुनी के साथ शुरू हुआ विधाणी परिक्रमा महोत्सव
जयपुरPublished: Sep 22, 2022 02:09:32 pm
vidhani prikrama mahotsav 2022: आज से छह दिवसीय श्री विधाणी परिक्रमा महोत्सव का अखंड रामधुनी के साथ आगाज हुआ।


अखंड रामधुनी के साथ शुरू हुआ विधाणी परिक्रमा महोत्सव
जयपुर. श्री गोपालसागर आश्रम ट्रस्ट के तत्वावधान में मिथला बिहारी महाराज के सान्निध्य में विधाणी, गोनेर रोड स्थित श्री गोपाल सागर आश्रम में आश्रम में श्राद्ध पक्ष की द्वादशी से छह दिवसीय श्री विधाणी परिक्रमा महोत्सव अखंड रामधुनी के साथ शुरू हुआ। सबसे पहले आज सुबह ठाकुरजी का अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई गई और पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद अभिजित मुहूर्त अखंड रामधुनी शुरू की गई। अखंड रामधुनी 27 सितंबर दोपहर तक अनवरत चलेगी। वहीं आश्रम परिसर में बने पांडाल में शाम 4 से 7 बजे तक प्रतिदिन भजन सत्संग का आयोजन होगा। महोत्सव के लिए आश्रम को रंगीन रोशनी एवं बांदरवालों से सजाया जा रहा है। मार्ग में स्वागत द्वार बनाए गए है। आश्रम में महोत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में चल रही है।
शोभायात्रा के साथ निकलेगी परिक्रमा
महोत्सव के संयोजक लक्ष्मीनिधि ने बताया कि 27 सितम्बर को भजनानंद महाराज, चेतनदास महाराज एवं मां साहिब भजनी देवी का पाटोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर सुगंधित दृव्यों से ठाकुरजी का अभिषेक कर में मनमोहक झांकियां सजाई जाएगी। इसी दिन दोपहर में बाद गोनेर स्थित लक्ष्मी जगदीश मंदिर से स्वरूप सरकार सजेंगे और आरती के बाद झांझ मंजिरों के साथ पारंपरिक विधाणी परिक्रमा रवाना होगी। इसमें हजारों जयपुर समेत आसपास के गांवों के सैकंड़ों श्रद्धालु नाचते-गाते पैदल विधाणी पहुंचेंगे। मार्ग में जगह-जगह स्वरूप सरकार की आरती उतारी जाएगी। आश्रम के सरजू बिहारी ने बताया कि छह दिवसीय महोत्सव में आश्रम में अखंड रामधुनी के अलावा प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक ख्यातनाम भजन गायक भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसमें आसपास के गांवों के श्रद्धालु शामिल होंगे।