-दृश्यता हुई कम, चालक परेशान
चूरू जिले में कोहरे और शीतलहर ने पिछले दो दिनों में हाल बेहाल कर रखे हैं। जबरदस्त कोहरे और सर्दी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। कोहरे के साथ चल रही शीतलहर के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं वाहन चालकों को भी काफी परेशानी हो रही है। हनुमानगढ़ के संगरिया में धुंध का कहर जारी है। जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह धुंध अधिक होने से अधिकतम तापमान 13.4 और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री रहा। धुंध अधिक होने से दृश्यता भी 10 मीटर से कम रही। वाहन चालकों को धीमी गति से दिन के उजाले में लाइट जलाकर वाहन चलाने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं, हाइवे से गुजरने वाले वाहनों के इंडिकेटर और लाइट जलती हुई नजर आई।
तापमान गिरने के कारण ठंड भी अधिक बढ़नी शुरू हो चुकी है। सुबह 5 से 6 बजे तक न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। लोग ठंड से बचाव करने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए। धुंध अधिक होने से पेड़ों से ओंस की बूंदे गिरती नजर आई। फसलों के पत्ते ओंस की बूंदों से नहाए नजर आए। हालांकि दोपहर बाद चली हवाओं से धुंध खत्म हुई तो धूप खिलने पर लोगों को ठंड से राहत मिली। जबकि शाम को फिर से ठंड ने दस्तक दे दी और फिर ठिठुरन बढ़नी शुरू हो गई।