जयपुर

कोहरे के आगोश में शहर, धीमी हुई वाहनों की रफ्तार

weather update ।। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इस दौरान जहां दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई तो वहीं सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाओं ने लोगों की कंपकंपी भी छुड़ाई। घने कोहरे के चलते ग्रामीण इलाकों में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है।

जयपुरJan 19, 2020 / 06:38 pm

anant

कोहरे के आगोश में शहर, धीमी हुई वाहनों की रफ्तार

प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इस दौरान जहां दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई तो वहीं सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाओं ने लोगों की कंपकंपी भी छुड़ाई। घने कोहरे के चलते ग्रामीण इलाकों में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की समस्या बढ़ा दी। 10 जनवरी से पहले जहां धूप निकलने के चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी, वहीं 12 जनवरी के बाद फिर से प्रदेश में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू किया, जो अभी भी जारी है।

-दृश्यता हुई कम, चालक परेशान
चूरू जिले में कोहरे और शीतलहर ने पिछले दो दिनों में हाल बेहाल कर रखे हैं। जबरदस्त कोहरे और सर्दी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। कोहरे के साथ चल रही शीतलहर के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं वाहन चालकों को भी काफी परेशानी हो रही है। हनुमानगढ़ के संगरिया में धुंध का कहर जारी है। जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह धुंध अधिक होने से अधिकतम तापमान 13.4 और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री रहा। धुंध अधिक होने से दृश्यता भी 10 मीटर से कम रही। वाहन चालकों को धीमी गति से दिन के उजाले में लाइट जलाकर वाहन चलाने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं, हाइवे से गुजरने वाले वाहनों के इंडिकेटर और लाइट जलती हुई नजर आई।
-घरों में दुबके रहे लोग
तापमान गिरने के कारण ठंड भी अधिक बढ़नी शुरू हो चुकी है। सुबह 5 से 6 बजे तक न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। लोग ठंड से बचाव करने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए। धुंध अधिक होने से पेड़ों से ओंस की बूंदे गिरती नजर आई। फसलों के पत्ते ओंस की बूंदों से नहाए नजर आए। हालांकि दोपहर बाद चली हवाओं से धुंध खत्म हुई तो धूप खिलने पर लोगों को ठंड से राहत मिली। जबकि शाम को फिर से ठंड ने दस्तक दे दी और फिर ठिठुरन बढ़नी शुरू हो गई।
बात करें सीकर की तो यहां सर्दी का सितम फिर बढ़ गया। फतेहपुर में तापमान लुढ़ककर जहां 3 डिग्री दर्ज हुआ, वहीं कोहरे और शीतलहर ने अंचल को ठिठुरा दिया। बाहरी इलाकों में तो कोहरे से दृश्यता 100 मीटर भी नहीं रही। ऐसे में वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम से आमजन की दिनचर्या पर भी असर नजर आया। लोग देर तक रजाई में दुबके रहे, तो जहां तहां हीटर और अलाव जलाकर सर्दी से बचने की जुगत देखी गई। हालांकि 9 बजे बाद धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।
भीलवाड़ा के शक्करगढ़ में कस्बे सहित क्षेत्र के कई इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। हल्की सर्द हवाएं चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सर्दी के कारण बाजारों में भी मंदी छाई हुई है। आपको बता दें कि शनिवार को भी यहां यही हालात रहे। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, सर्दी के चलते कहीं लोग घरों में दुबके रहे तो कहीं अलाव का सहारा लेते नजर आए, वहीं सड़कें भी सूनी नजर आई। मौसम विभाग ने राज्य में कई स्थानों पर घने कोहरे छाने की संभावना जताई है।

Home / Jaipur / कोहरे के आगोश में शहर, धीमी हुई वाहनों की रफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.