script

मरुधरा तक पहुंचा पहाड़ों पर बदले मौसम का असर

locationजयपुरPublished: Feb 26, 2019 12:26:13 pm

Submitted by:

dharmendra singh

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ, श्रीगंगानगर, चित्तौडग़ढ़ में बरसे मेघ
जयपुर।
जैसी कि उम्‍मीद थी, पहाड़ों पर बदले मौसम का असर मरुधरा पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिमी इलाकों में बीती रात से घने बादलों की आवाजाही बनी हुई है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटे में उत्तर पश्चिमी भागों में तेज रफ्तार से धूलभरी हवा चलने और कहीं-कहीं बारिश होने का अंदेशा जताया है। हालांकि दिन व रात के तापमान में उतार चढ़ाव बना हुआ है जिसके कारण दिन में मौसम शुष्क होने लगा है और अगले दो तीन दिन में गर्मी के तेवर तीखे होने की संभावना है।
रात में मौसम का मिजाज ठंडा रहा
बीते 24 घंटे में उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने पर रात में मौसम का मिजाज ठंडा रहा, हालांकि ज्यादातर इलाकों में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ है। प्रदेश के पश्चिमी जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री से ज्यादा रहने पर गर्मी तीखे तेवर दिखाने लगी है।
शहर में आज सुबह छितराए बादलों की आवाजाही रही
राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे में दिन और रात में पारा सामान्य से ज्यादा दर्ज हुआ है। शहर में आज सुबह छितराए बादलों की आवाजाही रही। वहीं आज न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
श्रीगंगानगर में बीती रात हुई बारिश
श्रीगंगानगर में बीती रात हुई बारिश से रात के तापमान में दो डिग्री गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री रहा। वहीं जिले में 4.8 मिमी बारिश मापी गई। चित्तौडग़ढ़ में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
चेंपा कर रहा परेशान
वहीं, दिन में गर्म हो चले मौसम के साथ शहर में चेंपा कीट शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। दुपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज दिन में बादल छाए रहने व धूप की आंखमिचौनी रहने की संभावना है।

ट्रेंडिंग वीडियो