राजधानी जयपुर में बीती रात हवा की रफ्तार थमी रही और सर्दी के तेवर आंशिक रूप से नर्म रहे। रविवार सुबह शहर में छितराए बादलों की आवाजाही रही और सुबह छह बजे शहर का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज दिन में सतही गर्म हवा चलने और दिन के तापमान में दो तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल जम्मू कश्मीर में सक्रिय चक्रवाती तंत्र के असर से प्रदेश के पूर्वी इलाकों में रात के तापमान में उतार चढ़ाव बने रहने की आशंका है। जबकि प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में अब मौसम में गर्माहट बढ़ने और दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी होने पर सर्दी के तेवर नर्म रहने की संभावना है।