scriptएशियाड में राजस्थान को मिली सौगात, महिला कबड्डी खिलाडिय़ों ने पदक किया पक्का | womens kabaddi team in final of asian games 2018 | Patrika News

एशियाड में राजस्थान को मिली सौगात, महिला कबड्डी खिलाडिय़ों ने पदक किया पक्का

locationजयपुरPublished: Aug 23, 2018 04:24:31 pm

Submitted by:

Mridula Sharma

फाइनल में पहुंची भारतीय महिला कबड्डी टीम, प्रदेश की शालिनी पाठक और मनप्रीत कौर हैं टीम में शामिल

jaipur

एशियाड में राजस्थान को मिली सौगात, महिला कबड्डी खिलाडिय़ों ने पदक किया पक्का

जयपुर. ग्वांग्झू 2010 और इंचियोन 2014 एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला टीम ने इंडोनेशिया में आयोजित 18वें एशियन गेम्स में भी अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम का पदक जीतना तय हो गया है। भारतीय महिला कबड्डी टीम में राजस्थान की दो खिलाड़ी भी शामिल हैं। राजस्थान पुलिस में कम्पनी कमांडर के पद पर कार्यरत शालिनी पाठक और सब इंस्पेक्टर मनप्रीत कौर एशियाई खेलों में हिस्सा ले रही भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं। इस लिहाज से राजस्थान के खाते में दो और पदक आना तय हो गया है। इससे पहले प्रदेश की अपूर्वी चंदेला 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक जीत चुकी हैं।
अब तक अजेय
भारतीय टीम एशियाई खेलों में अब तक अजेय रही है। टीम ने सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की टीम को 27-14 से हराया। इससे पहले भारत ने ग्रुप दौर में जापान को 43-12 से, थाईलैंड को 33-23 से, श्रीलंका को 38-12 से और इंडोनेशिया को 54-22 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम पूरी तरह हावी दिखी। अब भारतीय टीम शुक्रवार को फाइनल में उतरेगी।
दो बार की विजेता है टीम
महिला कबड्डी स्पर्धा पहली बार 2010 के ग्वागंझू एशियाई खेलों में शामिल की गई थी और पहली ही बार में भारत ने गोल्ड मैडल अपने नाम कर लिया था। इसके बाद 2014 में इंचियोन एशियाई खेलों में भी भारत ने बाजी मारी और अब उसकी नजर गोल्डन हैटट्रिक बनाने पर लगी हुई है। 2010 एशियाड के फाइनल में भारत ने थाईलैंड को 28-14 से तथा इंचियोन में ईरान को 31-21 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था।
शालिनी और मनप्रीत जीत चुकी हैं पदक
राजस्थान पुलिस में कार्यरत शालिनी जहां सैफ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य रही थीं, वहीं मनप्रीत एशियन चैम्पियनशिप की विजेता हैं। ऐसे में इन दोनों ही खिलाडिय़ों के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी। इनसे पहले गत एशियाई खेलों में राजस्थान की सुमित्रा शर्मा और नवनीत गौतम स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो