scriptखुशबूदार गुलाल गोटों के बीच प्रथम पूज्य संग भक्तों ने खेली होली | www | Patrika News

खुशबूदार गुलाल गोटों के बीच प्रथम पूज्य संग भक्तों ने खेली होली

locationजयपुरPublished: Mar 04, 2020 07:40:38 pm

Submitted by:

Harshit Jain

ffd

खुशबूदार गुलाल गोटों के बीच प्रथम पूज्य संग भक्तों ने खेली होली


जयपुर. शहर के प्रथम पूज्य के मंदिरों में बुधवार को भगवान गणपति के समक्ष फागोत्सव कार्यक्रम हुआ। बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की। कई विदेशी मेहमान भी इस नजारे को देखने मंदिर पहुंचें।

मोतीडूंगरी गणेशजी, नहर के गणेशजी और दिल्ली बाईपास रोड स्थित आत्माराम ब्रह्मचारी गणेश आश्रम के गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं ने खुशबूदार गुलाल गोटों से होली खेली। मोती डूंगरी गणेश मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में कार्यक्रम हुआ। महंत परिवार ने भगवान गणेश को गुलाल अर्पित की। इसके बाद उन्होंने भक्तों पर गुलाल गोटे फेंके तो मंदिर परिसर गणेशजी के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद शेखावाटी के कलाकारों ने ढप और चंग की थाप पर भजनों की प्रस्तुतियां दी। फागोत्सव के तहत भगवान को नई पोशाक धारण करवाई गई और साफा भी धारण करवाकर गणेशजी को फूलों सिंहासन पर विराजमान किया गया। कोरोना वायरस के प्रति मंदिर प्रशासन सजग नजर आया। सुबह से सेवाकर्मी भी मास्क लगाए नजर आए।

ब्रह्मपुरी पॉवर हाउस के पीछे माउंट रोड स्थित नहर के गणेशजी मंदिर में महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में कार्यक्रम हुआ। सुबह मंगला आरती से पूर्व गणपति को फागुणिया पोशाक और साफा धारण कराया गया। पंचरंगी गुलाल और पिचकारी अर्पित की गई। श्रद्धालुओंं ने एक-दूसरे के गुलाल लगाकर होली खेली। पदमश्री गुलाबो, वीणा अनुपम, परवीन मिर्जा, सुरेश पांचाल सहित अन्य कलाकारों ने नृत्य, गायन और वादन की त्रिवेणी प्रवाहित की। संध्या आरती के बाद कलाकारों ने शास्त्रीय कथक नृत्य और गायन से गणेशजी को रिझाया। दिल्ली बाईपास रोड स्थित आत्माराम ब्रह्मचारी गणेश मंदिर में पं. जगदीश शर्मा के सान्निध्य में प्रथम पूज्य का गुलाल अर्पित की गई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो